हर साल २७ सितंबर को पूरी दुनिया में विश्व पर्यटन दिवस मनाया जाता है। यह दिन पर्यटन को बढ़ावा देने और यात्रियों को नई जगहों को एक्सप्लोर करने की प्रेरणा देता है। अक्सर लोग मानते हैं कि यात्रा करने के लिए भारी-भरकम बजट चाहिए, लेकिन भारत जैसे विशाल और विविधताओं से भरे देश में कई ऐसी जगहें हैं जहां आप बिना ज्यादा पैसे खर्च किए या बिल्कुल मुफ्त घूम सकते हैं। अगर आप उसी शहर में रहते हैं तो परिवहन या ठहरने आदि पर भी खर्च नहीं करना पड़ेगा। अपने शहर के कुछ मशहूर पर्यटन स्थलों को आप बिना पैसे खर्च किए घूमने जा सकते हैं।
अतुल्य भारत का हृदय प्रदेश मध्यप्रदेश, प्रकृति की गोद और संस्कृति की आत्मा से परिपूर्ण है। राज्य के कुल भौगोलिक क्षेत्रफल का लगभग ३०% भाग वनाच्छादित है, जो देश में सर्वाधिक है। यहाँ १२ राष्ट्रीय उद्यान, २४ वन्यजीव अभयारण्य और ९ टाइगर रिजर्व हैं; ७८५ बाघ हमारी वन संपदा की समृद्धि का परिचायक हैं। कान्हा और पेंच की हरित वादियों ने रुडयार्ड किपलिंग की ‘द जंगल बुक’ के कल्पनालोक को जीवन दिया। हमारी जीवनदायिनी नदियाँ—माँ नर्मदा और क्षिप्रा—प्रदेश की प्रकृति और संस्कृति दोनों का स्पंदन हैं: भेड़ाघाट की संगमरमरी घाटियों के बीच धुआँधार का गूँजता जलप्रपात और उज्जैन का सिंहस्थ कुंभ—दोनों ही हमारे आध्यात्मिक-प्राकृतिक वैभव के प्रतीक हैं।
अद्भुत विरासत से समृद्ध मध्यप्रदेश गर्व से कह सकता है कि वह भारत के बहुमूल्य यूनेस्को विश्व धरोहर परिदृश्य का धनी संरक्षक है—खजुराहो के मंदिर समूह, साँची के बौद्ध स्मारक और भीमबेटका के शैलाश्रय हमारी अस्मिता के शिखर हैं।
