हिंदी पत्रकारिता के वर्तमान परिदृश्य पर भोपाल प्रेस क्लब का विशेष सेमिनार एवं पत्रकार सम्मान समारोह 5 अक्टूबर को
भोपाल। भोपाल प्रेस क्लब के तत्वावधान में “वर्तमान परिप्रेक्ष्य में हिंदी पत्रकारिता” विषय पर महत्वपूर्ण सेमिनार एवं पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम सोमवार, 5 अक्टूबर 2026 को दोपहर 12 बजे होटल राजहंस रीजन्ट, आईएसबीटी के पास, हबीबगंज रोड, भोपाल में आयोजित होगा।
सेमिनार में पत्रकारिता के समक्ष मौजूद समकालीन चुनौतियों, बदलते स्वरूप, सामाजिक सरोकारों तथा लोकतंत्र में हिंदी पत्रकारिता की भूमिका पर विचार-विमर्श किया जाएगा। कार्यक्रम में राजधानी के पत्रकारों की भागीदारी रहेगी।
इस अवसर पर हिंदी पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले राजधानी के पत्रकारों को सम्मानित भी किया जाएगा।
कार्यक्रम में सांसद भोपाल संसदीय क्षेत्र श्री आलोक शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वरिष्ठ पत्रकार श्री महेश श्रीवास्तव कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। वहीं वरिष्ठ पत्रकार श्री गिरीश उपाध्याय एवं श्री अजय वैकिल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
भोपाल प्रेस क्लब की आयोजन समिति ने पत्रकारों एवं गणमान्य नागरिकों से कार्यक्रम में उपस्थित होकर इसकी गरिमा बढ़ाने का आग्रह किया है। कार्यक्रम के पश्चात स्नेह भोज का भी आयोजन किया गया है।
