बच्चों को कमरे में बंद कर दंपती ने एक ही रस्सी से लगाई फांसी

Spread the love

रात में दोनों के बीच हुआ था विवाद, सुबह फंदे पर लटके मिले शव

ईंटखेड़ी थाना क्षेत्र के रायपुर गांव में सोमवार सुबह एक दंपती के शव एक ही रस्सी के फंदे पर लटके मिले। पति-पत्नी के बीच पिछले कुछ दिनों से घरेलू विवाद चल रहा था। रविवार रात भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। सोमवार सुबह पड़ोसी घर पहुंचे तो दंपती के शव फंदे पर लटके मिले, जबकि उनके 11 और 12 साल के दोनों बच्चे दूसरे कमरे में बंद थे। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि दंपती ने बच्चों को कमरे में बंद करने के बाद फांसी लगा ली।

पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान रायपुर निवासी सुरेंद्र सिलावट (35) के रूप में हुई है, जो ठेकेदारी करता था। उसकी पत्नी मोनाबाई (34) खेतों में मजदूरी करती थी। सोमवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे एक पड़ोसी ने घर का दरवाजा खुला देखा। अंदर जाने पर दंपती के शव फंदे पर लटके मिले। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

दो दिन पहले भी घर आई थी पुलिस

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच पिछले कुछ दिनों से घरेलू बातों को लेकर विवाद हो रहा था। रविवार रात भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। इसके बाद बच्चे एक कमरे में और दंपती दूसरे कमरे में सोने चले गए थे। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले भी विवाद की सूचना पर पुलिस घर पहुंची थी। उस समय समझाइश देकर मामला शांत करा दिया गया था।

बच्चों के कहने पर पड़ोसियों ने बुलाई थी पुलिस

एसआई नवीन कुमार के अनुसार, सुरेंद्र और मोना ने प्रेम विवाह किया था और बाद में परिवार से अलग रहने लगे थे। मृतका का मायका और ससुराल दोनों रायपुर गांव में ही हैं। पड़ोसियों के मुताबिक, सुरेंद्र शराब पीकर पत्नी के साथ मारपीट करता था। माता-पिता के बीच आए दिन होने वाले विवाद से बच्चे परेशान थे।

बताया जा रहा है कि दो दिन पहले बच्चों के कहने पर ही पड़ोसियों ने पुलिस को बुलाया था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

admin1

admin1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *