आज सशस्त्र सीमा बल अकादमी, भोपाल में 18वें सहायक कमांडेंट (चिकित्सक) बैच के 02 सहायक कमांडेंट (चिकित्सक) तथा 19वें सहायक कमांडेंट (संचार) बैच के 07 सहायक कमांडेंट (संचार)- कुल 09 प्रशिक्षु अधिकारियों के दीक्षांत परेड समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर निदेशक श्री बलराम सिंह जसवाल महानिरीक्षक, सशस्त्र सीमा बल अकादमी, भोपाल बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे।
सशस्त्र सीमा बल, अकादमी के क्वार्टर गार्ड में सुसज्जित दीक्षांत परेड द्वारा क्रमशः श्री राजीव भट्ट, कमांडेंट (प्रशिक्षण), श्री संजय कुमार शर्मा, उपमहानिरीक्षक एवं समारोह के मुख्य अतिथि श्री बलराम सिंह जसवाल, महानिरीक्षक, निदेशक, सशस्र सीमा बल अकादमी, भोपाल को भव्य सलामी दी गई। मुख्य अतिथि महोदय द्वारा परेड का निरीक्षण किया गया। तत्पश्चात प्रशिक्षु अधिकारियों को राष्ट्रीय ध्वज एवं सशस्त्र सीमा बल के ध्वज की उपस्थिति में भारतीय संविधान को साक्षी मान, शपथ दिलाकर राष्ट्र सेवा में समर्पित किया गया।
दीक्षांत परेड समारोह में अपने संबोधन के दौरान श्री राजीव भट्ट, कमांडेंट (प्रशिक्षण), सशस्त्र सीमा बल अकादमी, भोपाल ने सभी प्रशिक्षु अधिकारियों का विवरण दिया तथा अकादमी में प्रशिक्षण गतिविधियों एवं संचालन के संदर्भ में अवगत कराया उन्होंने बताया कि कठोर परिश्रम के उपरांत ही एक अधिकारी तैयार होता है, जिसमें प्रशिक्षकों का अनुभव एवं नेतृत्व, प्रशिक्षणार्थियों के लिए प्रेरणा स्रोत है। 18वें सहायक कमांडेंट (चिकित्सक) बैच के 02 सहायक कमांडेंट (चिकित्सक) तथा 19वें सहायक कमांडेंट (संचार) बैच के 07 सहायक कमांडेंट (संचार) को 14 सप्ताह के कठिन प्रशिक्षण में तपाकर एक सशक्त अधिकारी बनाया गया है।
श्री राजीव भट्ट, कमांडेंट (प्रशिक्षण) ने कहा कि बल की लगातार बढ़ती हुई जिम्मेदारियों को ध्यान में रखते हुए प्रशिक्षण के दौरान हमने सभी प्रशिक्षु अधिकारियों को, शारीरिक रूप से सुदृढ़ एवं मानसिक रूप से दक्ष बनाने की कोशिश की है, ताकि ये सभी एक सशक्त और सुयोग्य अधिकारी के दायित्व का निर्वहन कर सकें। अकादमी में प्रशिक्षण के दौरान इन सभी प्रशिक्षु अधिकारियों को सीमा सुरक्षा एवं सीमा प्रबंधन के साथ-साथ देश की आंतरिक सुरक्षा के विषयों में सक्षम बनाया है, साथ ही सीमाओं पर तैनाती के दौरान, नागरिक कल्याण कार्यक्रमों तथा मानवाधिकारों की संवेदनाओं से भी पूरी तरह परिचित कराया गया है। सैन्य प्रशिक्षण की कलाओं में इन्हें दक्ष बनाने के लिए अकादमी के सभी प्रशिक्षक बधाई के पात्र हैं।
श्री बलराम सिंह जसवाल महानिरीक्षक, सशस्त्र सीमा बल, मुख्य अतिथि महोदय ने अपने संबोधन में कहा कि परेड देखकर मैं अत्यंत प्रसन्न हूँ। परेड के दौरान आप सभी ने अच्छे अनुशासन का भी परिचय दिया है। इससे पता चलता है कि, आपके प्रशिक्षकों ने आपका प्रशिक्षण बहुत अच्छी तरह से करवाया है। इसके लिए श्री राजीव भट्ट, कमांडेंट (प्रशिक्षण) और उनकी टीम बधाई के पात्र है।
आप सभी एक ऐसे संगठन के अधिकारी बने हैं, जो भारत-नेपाल एवं भारत-भूटान की सीमा की रखवाली करता है और सीमा रक्षक बलों में एक विशिष्ट स्थान रखता है। आप सभी सौभाग्यशाली हैं कि सशस्त्र सीमा बल जैसे प्रतिष्ठित बल में आपको नियुक्ति मिली है। सशस्त्र सीमा बल न केवल नेपाल एवं भूटान की खुली सीमाओं पर सुरक्षा कार्यों को बखूबी अंजाम दे रहा है, अपितु वामपंथी तथा उग्रवाद प्रभावित बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ तथा जम्मू व कश्मीर में आंतरिक सुरक्षा कार्यों में भी एक विशिष्ट पहचान बना रहा है।
अंत में मुख्य अतिथि महोदय ने सभी प्रशिक्षु अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा, “आप सभी सौभाग्यशाली है कि सशस्त्र सीमा बल के माध्यम से आपको देश सेवा का अवसर मिला है। बल का इतिहास बहुत ही गौरवशाली रहा है और भविष्य बहुत ही सुनहरा है। आने वाले समय में कई संभावनाएं और अवसर आपका इंतजार कर रहे हैं। बल और देश को आपसे बहुत उम्मीदें हैं और आपको बल की उत्कृष्ट परंपराओं को आगे बढ़ाना है। आपकी अनुशासित और उत्साह से भरी परेड इस बात की साक्षी है कि आप सभी आगामी चुनौतियों का सामना करने में सक्षम होंगे और बल के ध्येय वाक्य सेवा, सुरक्षा एवं बंधुत्व के मार्ग पर चलते हुए समर्पण भाव से सेवा करेंगे। मैं आपके परिजनों को हार्दिक बधाई देती हूँ जिनकी प्रेरणा से आप सशस्र सीमा बल का हिस्सा बनें हैं।”
कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षण की विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट रहे 18वें सहायक कमांडेंट (चिकित्सक) बैच के 02 सहायक कमांडेंट (चिकित्सक) – तथा 19वें सहायक कमांडेंट (संचार) बैच के 07 सहायक कमांडेंट (संचार)- कुल 09 प्रशिक्षु अधिकारियों को विभिन्न पुरस्कारों से पुरस्कृत किया गया।
श्री संदीप तिवारी, सहायक कमांडेंट (संचार) को ओवर आल बेस्ट पुरस्कार दिया गया।
