बालाघाट में पीड़ित परिवारों से मिलेंगे; परासिया सिरप कांड के पीड़ितों से भी मिलने की उठी मांग
भोपाल: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 1 अक्टूबर को मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के दौरे पर आ रहे हैं। वे बैहर और बिरसा विकासखंड के प्रभावित आदिवासी अंचलों में जाकर उन पीड़ित परिवारों से मुलाकात करेंगे, जहां कुपोषण व बीमारियों के चलते 30 से अधिक मासूम बच्चों की असमय मौत हो गई है। इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के बाद बीते 13 दिनों में यह राहुल गांधी का मध्य प्रदेश में दूसरा दौरा है।
परासिया सिरप कांड के पीड़ितों से भी मिलने की मांग
राहुल गांधी के इस प्रस्तावित दौरे के बीच कांग्रेस संगठन के भीतर से छिंदवाड़ा के पीड़ितों की आवाज भी उठाई गई है। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी (माइनॉरिटी डिपार्टमेंट) के प्रवक्ता जमशेद आलम ने मांग रखी है कि पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के नेतृत्व में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को बालाघाट के साथ-साथ छिंदवाड़ा जिले के परासिया का भी दौरा करना चाहिए।
प्रवक्ता जमशेद आलम ने कहा कि जहां बालाघाट में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की नाकामी के चलते मासूमों की जान गई है, वहीं छिंदवाड़ा के परासिया में भी जहरीले कफ सिरप कांड की वजह से कई मासूम बच्चे काल के गाल में समा चुके हैं। उन्होंने कहा कि सिरप कांड में अपनों को खो चुके उन पीड़ित परिवारों का दर्द भी उतना ही गहरा है और न्याय की लड़ाई को मजबूती देने के लिए राहुल गांधी को परासिया पहुंचकर उन शोकाकुल परिजनों से भी मुलाकात करनी चाहिए।
राहुल गांधी 13 दिन में दूसरी बार MP दौरे पर
