चित्रों में साकार हुआ विकसित भारत, भाषणों में गूंजा 25 वर्षों की सेवा का संकल्प

Spread the love

सेवा संकल्प अभियान में विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मकता, चित्रकला में सांत्वना तो भाषण में महक रहीं अव्वल

देवरीकला-: पं. बृजकिशोर पटेरिया शिक्षा महाविद्यालय, देवरी में आयोजित सेवा संकल्प अभियान-2026 की विभिन्न गतिविधियों में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता के साथ सामाजिक सरोकारों की गहरी समझ भी प्रदर्शित की। चित्रकला और भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने केवल अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन नहीं किया, बल्कि बदलते भारत, सामाजिक विकास और सेवा के संकल्प को शब्दों और रंगों के माध्यम से जीवंत कर दिया।

भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने देश में पिछले 25 वर्षों के सेवा कार्यों, विभिन्न शासकीय योजनाओं तथा उनके सकारात्मक परिणामों पर अपने विचार रखे। प्रतिभागियों ने बताया कि विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवा प्रयासों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, स्वच्छता, रोजगार, ग्रामीण विकास तथा सामाजिक जागरूकता जैसे क्षेत्रों में किस प्रकार बदलाव की नई तस्वीर प्रस्तुत की है। विद्यार्थियों ने इन परिवर्तनों को केवल योजनाओं तक सीमित न मानते हुए आमजन के जीवन में आए बदलावों और भविष्य के भारत की संभावनाओं से भी जोड़ा।

वहीं चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने “विकसित भारत-2047” एवं “सेवा संकल्प अभियान” की थीम पर अपनी कल्पनाशीलता को कैनवास पर उतारा। रंगों और रेखाओं के माध्यम से विद्यार्थियों ने स्वच्छ, आत्मनिर्भर, समृद्ध, शिक्षित और सशक्त भारत की परिकल्पना को कलात्मक रूप दिया। उनके चित्रों में विकास के साथ सामाजिक जिम्मेदारी, पर्यावरण संरक्षण, युवा शक्ति और राष्ट्र निर्माण का संदेश भी स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।

प्रतियोगिताओं में इन विद्यार्थियों ने हासिल किए स्थान
चित्रकला प्रतियोगिता में सांत्वना पांडेय (बीए- बी.एड. तृतीय सेमेस्टर) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। पूर्वा नेमा (बीएससी-द्वितीय वर्ष) द्वितीय स्थान पर रहीं, जबकि आरुषि राजपूत (बीएससी प्रथम वर्ष) एवं भावना यादव (बीएससी प्रथम वर्ष) ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।

भाषण प्रतियोगिता में महक सोनी (बीए- बी.एड. तृतीय सेमेस्टर) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। राशि चौरसिया (बीए-बी.एड. तृतीय सेमेस्टर) ने द्वितीय स्थान हासिल किया, जबकि चंचला ठाकुर (बीए-बी.एड. तृतीय सेमेस्टर) एवं प्रियाशा कुर्मी (बीएससी-बी.एड. पंचम सेमेस्टर) संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहीं।

महाविद्यालय के संचालक डॉ. अवनीश मिश्रा ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि “सेवा संकल्प अभियान विद्यार्थियों को केवल प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर नहीं देता, बल्कि उन्हें समाज, राष्ट्र और अपने दायित्वों के प्रति संवेदनशील बनाने का माध्यम है। पिछले 25 वर्षों में हुए सेवा कार्यों और विभिन्न योजनाओं के प्रभाव को समझना तथा विकसित भारत-2047 की कल्पना को रचनात्मक अभिव्यक्ति देना इस बात का प्रमाण है कि हमारे विद्यार्थी वर्तमान को समझते हुए भविष्य के भारत के निर्माण के प्रति भी सजग हैं।”

उन्होंने कहा कि सेवा की भावना जब शिक्षा और युवा शक्ति से जुड़ती है, तो वह सामाजिक परिवर्तन की मजबूत आधारशिला बनती है। विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी इस अभियान के मूल उद्देश्य को सार्थक कर रही है।

उल्लेखनीय है कि महाविद्यालय में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक “सेवा संकल्प अभियान-2026” का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों की सहभागिता से विभिन्न सामाजिक जागरूकता, रचनात्मक, सांस्कृतिक एवं जनसेवा संबंधी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
इस अवसर पर श्री संतोष तिवारी, शिवम शर्मा, शिवा प्यासी, आशुतोष उपाध्याय, माधव नेमा, सुनील दुबे, कृष्णकांत लोधी, धर्मेंद्र लोधी, बुशरा खान, ऋतिका ठाकुर, सत्यवती विश्वकर्मा, प्रियांशी लोधी, हेमलता दुबे, ऋतु मिश्रा, खुशबू मिश्रा, योगेश पाठक सहित महाविद्यालय स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

admin1

admin1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *