भोपाल। राजधानी भोपाल के चुना भट्टी चौराहे पर आज लोकल ट्रांसपोर्ट जागरूकता सहायता समिति के नेतृत्व में ट्रांसपोर्ट संचालकों ने अपनी मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान ट्रकों के पहिए थामकर शासन के खिलाफ विरोध जताया गया। बड़ी संख्या में लोकल ट्रांसपोर्ट से जुड़े वाहन मालिक और संचालक इस प्रदर्शन में शामिल हुए।
समिति के अध्यक्ष ने बताया कि शासन के समक्ष उनकी प्रमुख चार मांगें हैं, जिनमें परिवहन के नाम पर लगाए जा रहे अतिरिक्त शुल्क को तत्काल समाप्त करना प्रमुख मांग है। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से चार लाख रुपये से अधिक के पर्यावरण शुल्क को लेकर ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों में भारी नाराजगी है। उनका कहना है कि पहले से ही बढ़ती लागत और विभिन्न शुल्कों के कारण परिवहन व्यवसाय पर आर्थिक दबाव है, ऐसे में अतिरिक्त शुल्क लगाया जाना उचित नहीं है।
प्रदर्शनकारियों ने शासन से मांगों पर तत्काल विचार कर राहत देने की अपील की। समिति ने चेतावनी दी कि यदि जबरन अतिरिक्त टैक्स और शुल्क लगाने की प्रक्रिया जारी रही तो आने वाले समय में प्रदेशभर के लोकल ट्रांसपोर्ट संचालक आंदोलन का विस्तार करते हुए हड़ताल करने का निर्णय ले सकते हैं।
ट्रांसपोर्ट संचालकों ने शासन से उनकी समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की।
परिवहन शुल्क के विरोध में लोकल ट्रांसपोर्ट संचालकों ने किया प्रदर्शन
