मुंबई : भारत के सबसे बड़े बैंक, भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक देशभर में ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान का आयोजन किया। भारत सरकार और वित्तीय सेवाएं विभाग (DFS) के दिशा-निर्देशों के तहत आयोजित इस अभियान का उद्देश्य स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक कल्याण के प्रति बैंक की प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करना था। अभियान का शुभारंभ 17 सितंबर को एसबीआई के सभी कार्यालयों में स्वच्छता शपथ दिलाकर किया गया, जिसमें देशभर के मंडलों, शाखाओं और कॉर्पोरेट कार्यालयों के कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
अभियान के दौरान बैंक कर्मचारियों ने सार्वजनिक स्थलों, जलाशयों के तटीय क्षेत्रों और सामुदायिक शौचालयों में व्यापक सफाई अभियान चलाए। इसके अतिरिक्त, ‘सिंगल-यूज़ प्लास्टिक’ के उपयोग को घटाने और स्रोत पर ही कचरा पृथक्करण के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए ‘रिड्यूस-रीयूज़-रीसायकल’ (RRR) पहल आयोजित की गई, जिसके तहत किताबें, कपड़े और इलेक्ट्रॉनिक वेस्ट एकत्र कर रीसायकल किए गए। बैंक ने केवल परिसरों की सफाई तक सीमित न रहकर ‘सफाई मित्रों’ (सफाई कर्मचारियों) के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर, पीपीई किट वितरण और सम्मान समारोह आयोजित किए, साथ ही पीएमजेडीवाई, पीएमएसबीवाई और एपीवाई जैसी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के बारे में सामुदायिक जागरूकता भी बढ़ाई।
