मुंबई : भारत के प्रमुख सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में से एक, बैंक ऑफ़ बड़ौदा ने ‘राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा जागरूकता माह’ (अक्तूबर) के अवसर पर अपने विशेष साइबर-सुरक्षा मैस्कॉट ‘बॉब साइबर वीरू’ के माध्यम से देशव्यापी डिजिटल सुरक्षा जागरूकता अभियान की शुरुआत की है। एक भरोसेमंद और दोस्ताना गाइड के रूप में डिज़ाइन किया गया ‘बॉब साइबर वीरू’ ग्राहकों को डिजिटल धोखाधड़ी से बचने, उसकी पहचान करने और सुरक्षित बैंकिंग आदतें अपनाने के लिए सरल, व्यावहारिक और उपयोगी सलाह प्रदान कर रहा है।
यह अभियान फिशिंग, फेक केवाईसी (KYC) अपडेट, फर्जी कस्टमर केयर कॉल, यूपीआई व क्यूआर कोड फ्रॉड, स्क्रीन-शेयरिंग स्कैम और डिजिटल अरेस्ट जैसे प्रचलित साइबर खतरों पर केंद्रित है। छोटे वीडियो, इन्फोग्राफिक्स और क्विक टिप्स के माध्यम से यह जानकारी बैंक की शाखाओं, एटीएम, वेबसाइट, सोशल मीडिया, एसएमएस, प्रिंट और रेडियो के ज़रिए प्रसारित की जा रही है। पहल पर प्रकाश डालते हुए, बैंक ऑफ़ बड़ौदा की कार्यपालक निदेशक सुश्री बीना वाहिद ने कहा कि डिजिटल बैंकिंग के बढ़ते दायरे में साइबर सुरक्षा को आसान बनाना और ग्राहकों को जागरूक कर सशक्त बनाना बैंक की प्राथमिकता है। राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा जागरूकता माह के तहत बैंक शैक्षणिक संस्थानों में कार्यक्रम, कर्मचारी सत्र और सतर्क कर्मचारियों का सम्मान समारोह भी आयोजित करेगा।
