सशस्त्र सीमा बल (SSB) अकादमी, भोपाल में आज दिनांक 17 अक्टूबर 2026 को 18वें AC (MO) एवं 19वें AC (Communication) बैच के नौ प्रशिक्षु अधिकारियों का दीक्षांत परेड एवं शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में श्री बलराम सिंह जसवाल, महानिरीक्षक एवं निदेशक, सशस्त्र सीमा बल अकादमी, भोपाल उपस्थित रहे।

समारोह का शुभारंभ प्रशिक्षु अधिकारियों द्वारा मुख्य अतिथि को सलामी देने के साथ हुआ। इसके पश्चात मुख्य अतिथि ने दीक्षांत परेड का निरीक्षण किया। समारोह के दौरान प्रशिक्षु अधिकारियों ने भारतीय संविधान के प्रति निष्ठा रखते हुए अपने कर्तव्यों का ईमानदारी, अनुशासन एवं समर्पण के साथ निर्वहन करने की शपथ ली।

मुख्य अतिथि श्री बलराम सिंह जसवाल ने प्रशिक्षु अधिकारियों के अनुशासन, शारीरिक दक्षता, आत्मविश्वास एवं कर्तव्य के प्रति समर्पण की सराहना की। उन्होंने अधिकारियों को सेवा के दौरान उच्च व्यावसायिक मानकों, कर्तव्यनिष्ठा और संगठन के गौरव को बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए श्री संदीप तिवारी, सहायक कमांडेंट (संचार) को ‘ओवरऑल बेस्ट’ (Overall Best) पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर श्री संजय कुमार शर्मा, उप महानिरीक्षक, श्री राजीव भट्ट, कमांडेंट (प्रशिक्षण) सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी, अकादमी के कर्मचारी एवं प्रशिक्षु अधिकारियों के परिजन उपस्थित रहे।
दीक्षांत परेड एवं शपथ ग्रहण समारोह प्रशिक्षु अधिकारियों के प्रशिक्षण की सफल पूर्णता तथा राष्ट्रसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का महत्वपूर्ण अवसर रहा।
