भारत संचार, दूरसंचार विभाग के अधीन कार्यालय नियंत्रक संचार लेखा, मध्य प्रदेश, भोपाल (CCA), एवं मध्य प्रदेश लाइसेंस प्राप्त सेवा क्षेत्र (MPLSA), भोपाल द्वारा संयुक्त रूप से सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 (26 अक्टूबर से 01 नवंबर 2026) का आयोजन किया जा रहा है।
कार्यक्रम का शुभारंभ दिनांक 26 अक्टूबर, 2026 को कार्यालय प्रमुख श्री हरिगोविंद सिंह धाकड़, नियंत्रक संचार लेखा, भोपाल द्वारा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता जागरूकता की शपथ दिलाने के साथ हुआ। इस अवसर पर शासकीय कार्यों में ईमानदारी, निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनाए रखने तथा अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा के साथ करने की प्रतिबद्धता पर बल दिया गया। इसी क्रम में दिनांक 27 अक्टूबर, 2026 को सतर्कता जागरूकता व्याख्यान कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में श्री राजेश सोनी, ITS, मुख्य सतर्कता अधिकारी, मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड, भोपाल तथा श्री जयंत राजदीन, प्रधान महाप्रबंधक (सतर्कता), बीएसएनएल, मध्य प्रदेश परिमंडल, भोपाल को आमंत्रित किया गया। इस दौरान सतर्कता के महत्व, भ्रष्टाचार की रोकथाम तथा शासकीय कार्यप्रणाली में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने से संबंधित विषयों पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में दोनों कार्यालयों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की।

सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत दिनांक 28 अक्टूबर, 2026 को चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसके पश्चात दिनांक 29 अक्टूबर, 2026 को निबंध प्रतियोगिता तथा दिनांक 30 अक्टूबर, 2026 को प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसी दिन सभी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत कर सतर्कता जागरुकता सप्ताह के कार्यक्रमों का समापन किया जाएगा।
सतर्कता जागरूकता सप्ताह की थीम “Probity for Prosperity” (सत्यनिष्ठा से समृद्धि) के अनुरूप भ्रष्टाचार-मुक्त कार्यसंस्कृति को प्रोत्साहित करने तथा कार्यालयीन कार्यप्रणाली में नैतिक मूल्यों को सुदृढ़ बनाने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों में सतर्कता के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा जनहित, पारदर्शिता एवं सुशासन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को और मजबूत करना रहा।
