मुंबई : भारत की प्रमुख सीमेंट निर्माताओं में से एक जेएसडब्ल्यू सीमेंट (JSW Cement) ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही (Q2 FY27) के समेकित वित्तीय परिणामों की घोषणा की है। कंपनी का समेकित शुद्ध लाभ सालाना आधार पर 3 प्रतिशत बढ़कर ₹77.63 करोड़ हो गया है।
तिमाही के दौरान कंपनी का परिचालन राजस्व 33.1 प्रतिशत बढ़कर ₹1,912.15 करोड़ पर पहुंच गया, जबकि कुल बिक्री मात्रा 26 प्रतिशत की बढ़त के साथ 39.3 लाख टन दर्ज की गई। इसमें सीमेंट की बिक्री मात्रा 39 प्रतिशत बढ़कर 22.9 लाख टन तथा ‘ग्राउंड ग्रेन्युलेटेड ब्लास्ट फर्नेस स्लैग’ (GGBS) की बिक्री 7 प्रतिशत बढ़कर 14.7 लाख टन रही। वित्त वर्ष 2027 की पहली छमाही में कंपनी की कुल समेकित आय 28.2 प्रतिशत बढ़कर ₹3,899.49 करोड़ पर पहुंच गई। 30 सितंबर 2026 तक कंपनी पर शुद्ध कर्ज ₹4,287 करोड़ था।
40 लाख टन वार्षिक क्षमता विस्तार की मंजूरी: भविष्य की मांग को पूरा करने के लिए कंपनी के निदेशक मंडल ने 40 लाख टन प्रति वर्ष (MTPA) के क्षमता विस्तार को मंजूरी दी है:
- विजयनगर संयंत्र (कर्नाटक): मौजूदा 60 लाख टन क्षमता के साथ 20 लाख टन (2 MTPA) क्षमता वाली नई GGBS ग्राइंडिंग प्रणाली स्थापित की जाएगी।
- डोलवी संयंत्र (महाराष्ट्र): 20 लाख टन (2 MTPA) क्षमता की अतिरिक्त ग्राइंडिंग मिल लगाई जाएगी, जिससे इस संयंत्र की सीमेंट ग्राइंडिंग क्षमता 4.5 MTPA से बढ़कर 6.5 MTPA हो जाएगी।
