पॉलीहाउस पर सब्सिडी 50% से घटाकर 35% करने पर भड़के किसान
21 अगस्त के सर्कुलर को बताया तानाशाहीपूर्ण, पूरे देश के 20 राज्यों में सौंपा ज्ञापन
भोपाल। राष्ट्रीय बागवानी बोर्ड (NHB) द्वारा पॉलीहाउस और बागवानी योजनाओं पर मिलने वाले अनुदान में कटौती के विरोध में आज भोपाल के एमपी नगर स्थित NHB कार्यालय के बाहर किसानों और पॉलीहाउस एसोसिएशन ने जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे किसान नेता एवं उद्यमी जे.डी. पटेल ने कहा कि 21 अगस्त को आनन-फानन में एक सर्कुलर जारी किया गया है जिससे किसानों को भारी नुकसान हो रहा है।
इस लिए हो रहा विरोध
पहले पॉलीहाउस पर 50% अनुदान मिलता था, जिसे घटाकर अब 35% कर दिया गया है।
नए नियम में कहा गया है कि एक परिवार में अगर एक बार किसी ने सब्सिडी ले ली, तो परिवार के दूसरे सदस्य को दोबारा नहीं मिलेगी। यहां तक कि अगर परिवार में कोई सरकारी कर्मचारी है जिसकी पेंशन 10 हजार से ज्यादा है तो भी पूरा परिवार योजना से बाहर।
साथ सर्कुलर में कहा गया है कि अगर किसान ने जीवन में कभी भी 10 हजार की भी सब्सिडी ली है, तो उसे भविष्य में किसी भी दूसरी बागवानी योजना का लाभ नहीं मिलेगा।
दूसरे किसान नेता ने कहा कि एक तरफ सरकार किसानों की आय दोगुनी करने की बात करती है, दूसरी तरफ ट्रैक्टर पर 5% से बढ़ाकर 18% GST और पॉलीहाउस पर सब्सिडी घटा रही है। देश भर में सिर्फ ढाई सौ करोड़ की सब्सिडी के लिए इतना कठोर नियम लाना गलत है।
किसानों ने चेतावनी दी है कि यह आंदोलन सिर्फ भोपाल में नहीं, आज पूरे देश के 20 राज्यों की राजधानियों में NHB ऑफिस के बाहर ज्ञापन दिया जा रहा है। जब तक 21 अगस्त का सर्कुलर वापस नहीं लिया जाता, आंदोलन जारी रहेगा। किसानों ने सरकार से मांग की है कि किसान विरोधी सर्कुलर को तुरंत निरस्त किया जाए।
