बीकेपी कॉलेज देवरी में यंग लीडर डायलॉग एवं माय भारत पंजीयन को लेकर विद्यार्थियों से संवाद

Spread the love

युवाओं के विचारों से आकार लेगा विकसित भारत का भविष्य

देवरीकला-: विकसित भारत केवल एक लक्ष्य नहीं, बल्कि देश के युवाओं के विचारों, नेतृत्व और सक्रिय सहभागिता से साकार होने वाला संकल्प है। इसी भावना को विद्यार्थियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से पं. बृजकिशोर पटेरिया शिक्षा महाविद्यालय, देवरी में विकसित भारत 2047 एवं सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विशेष जागरूकता एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण विभाग, मध्यप्रदेश शासन के विकासखंड समन्वयक श्री वसीम राजा खान ने महाविद्यालय के विद्यार्थियों से संवाद करते हुए Viksit Bharat Young Leader Dialogue (VBYLD 2027), क्विज प्रतियोगिता सहित युवाओं के लिए आयोजित की जा रही विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी।
श्री खान ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए युवाओं से केवल दर्शक नहीं, बल्कि देश के भविष्य के सक्रिय सहभागी और नेतृत्वकर्ता बनने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि युवा अपनी प्रतिभा, विचारों और रचनात्मकता के माध्यम से विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

माय भारत पोर्टल पर पंजीयन की दी जानकारी

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को MY Bharat Portal पर पंजीयन की प्रक्रिया भी समझाई गई। विद्यार्थियों को पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध युवा सहभागिता के अवसरों की जानकारी देते हुए अधिकाधिक पंजीयन एवं गतिविधियों में भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया।
विभागीय निर्देशानुसार 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को VBYLD 2027 में अधिकाधिक सहभागी बनाने पर जोर दिया गया है तथा पंजीयन के लिए 25 सितंबर 2026 तक की समय-सीमा बताई गई है।
कार्यक्रम ने विद्यार्थियों के बीच यह संदेश प्रभावी रूप से पहुंचाया कि वर्ष 2047 का विकसित भारत केवल सरकार की योजनाओं से नहीं, बल्कि आज के युवाओं के विचार, सहभागिता और नेतृत्व से आकार लेगा। कार्यक्रम में समस्त महाविद्यालयीन स्टाफ सहित बड़ी संख्या में छात्र छात्राएं उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक जानकारी प्राप्त की और युवा नेतृत्व, राष्ट्र निर्माण तथा विकसित भारत के संकल्प में अपनी भूमिका को लेकर संवाद किया।
उल्लेखनीय है कि पं. बृजकिशोर पटेरिया शिक्षा महाविद्यालय, देवरी में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत विभिन्न रचनात्मक एवं जागरूकतामूलक गतिविधियों और प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के तहत विद्यार्थियों को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने के साथ-साथ उनकी प्रतिभा, नेतृत्व क्षमता और रचनात्मक अभिव्यक्ति को मंच प्रदान किया जा रहा है। चित्रकला, भाषण, नुक्कड़ नाटक सहित विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में सेवा, सामाजिक जिम्मेदारी, जागरूकता और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।

admin1

admin1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *