वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात करना पड़ा भारी, दो वाहन चालकों पर हुआ कुल 7100 का जुर्माना

Spread the love

● ट्रैफिक हेल्पलाइन एवं इंदौर ट्रैफिक साथी ऐप से मिली शिकायतों पर की कार्यवाही ।

● गाड़ी चलाते हुए मोबाइल पर बातचीत की लापरवाही, स्वयं के साथ-साथ सड़क पर दूसरों की सुरक्षा के लिए भी खतरनाक

इंदौर, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करना न केवल वाहन चालक, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालकों एवं राहगीरों के जीवन को भी खतरे में डाल सकता है। इस गंभीर लापरवाही के प्रति वाहन चालकों को जागरूक करने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध/मुख्यालय) श्री आर.के. सिंह तथा पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं यातायात) श्री राजेश कुमार त्रिपाठी के मार्गदर्शन में जागरूकता के साथ-साथ यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध यातायात प्रबंधन पुलिस, नगरीय इंदौर द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
यातायात पुलिस द्वारा नागरिकों से अपील की जा रही है कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन पर बातचीत करने से बचें तथा अपना पूरा ध्यान सड़क और यातायात की स्थिति पर केंद्रित रखें। मोबाइल फोन पर बात करने के कारण चालक का ध्यान भटक सकता है, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है।

● हेल्पलाइन एवं ट्रैफिक साथी ऐप से प्राप्त सूचना पर कार्रवाई:- यातायात हेल्पलाइन एवं इंदौर ट्रैफिक साथी ऐप के माध्यम से जिम्मेदार नागरिकों द्वारा यातायात नियमों के उल्लंघन की जानकारी पुलिस तक पहुंचाई जा रही है। प्राप्त सूचनाओं के आधार पर यातायात पुलिस द्वारा संबंधित मामलों में आवश्यक जांच कर कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में दोपहिया वाहन क्रमांक MP09 LH 4945 के चालक द्वारा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करते हुए लंबे समय तक मोबाइल फोन पर बातचीत किए जाने की जानकारी प्राप्त हुई। इस पर यातायात थाना प्रभारी श्री अरविंद दांगी द्वारा कार्रवाई करते हुए संबंधित वाहन चालक पर 4,800 का जुर्माना किया गया।
इसी प्रकार, दोपहिया वाहन क्रमांक MP09UY 2532 के चालक द्वारा पीछे से आ रहे वाहन को साइड नहीं देते हुए लगातार मोबाइल फोन पर बातचीत किए जाने का मामला सामने आया। इस प्रकरण में भी यातायात पुलिस द्वारा कार्रवाई करते हुए संबंधित चालक पर 2,300 का जुर्माना लगाया गया। इस प्रकार दोनों प्रकरणों में कुल 7,100 का जुर्माना किया गया।
यातायात प्रबंधन पुलिस, नगरीय इंदौर वाहन चालकों से अपील करती है कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें, अन्य वाहन चालकों को सुरक्षित आवागमन के लिए पर्याप्त जगह दें तथा सभी यातायात नियमों का पालन करें।
यातायात संबंधी समस्याओं एवं नियमों के उल्लंघन की सूचना यातायात हेल्पलाइन 7049107620 अथवा इंदौर ट्रैफिक साथी ऐप के माध्यम से पुलिस तक पहुंचाएं। नागरिकों की सहभागिता एवं यातायात पुलिस की सतत कार्रवाई से शहर में सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित यातायात सुनिश्चित करने के प्रयास जारी हैं।

admin1

admin1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *