देवरीकलां-:नगर के शासकीय संदीपनी हाई स्कूल (सीएम राइज) एवं कन्या शाला हाई स्कूल में नए शैक्षणिक सत्र के दौरान छात्र-छात्राओं के प्रवेश में आ रही समस्याओं को लेकर पत्रकार कल्याण परिषद,देवरी तहसील ने बच्चों के हित में पहल करते हुए एसडीएम मुनौव्वर खान को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि बड़ी संख्या में अभिभावक अपने बच्चों का प्रवेश कराने विद्यालय पहुंच रहे हैं,लेकिन उन्हें कभी सीटें पूर्ण होने तो कभी अन्य कारणों का हवाला देकर प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। इससे कई छात्र-छात्राएं शिक्षा के अपने मौलिक अधिकार से वंचित हो रहे हैं और उनके भविष्य पर संकट मंडरा रहा है।
पत्रकार कल्याण परिषद के अध्यक्ष नितिन ठाकुर ने कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का अधिकार है और किसी भी पात्र विद्यार्थी को प्रवेश से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। प्रवेश प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखते हुए सभी योग्य विद्यार्थियों को समय पर प्रवेश दिलाना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
परिषद ने एसडीएम से मांग की है कि दोनों विद्यालयों की प्रवेश प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कराई जाए,आवश्यकतानुसार सीटों की संख्या बढ़ाई जाए तथा संबंधित अधिकारियों को तत्काल निर्देश दिए जाएं,ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। यदि किसी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
पत्रकार कल्याण परिषद के तहसील इकाई देवरी के नेतृत्व में सौंपे गए इस ज्ञापन में कहा गया कि बच्चों के भविष्य से जुड़ा यह गंभीर विषय है और प्रशासन को संवेदनशीलता के साथ त्वरित निर्णय लेना चाहिए,ताकि सभी विद्यार्थियों को समान अवसर मिल सके और उनका शैक्षणिक भविष्य सुरक्षित रह सके।
सरकार की मंशा है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और शाला त्यागी (ड्रॉपआउट) बच्चों की संख्या शून्य हो। शासन लगातार ‘स्कूल चलें हम’ जैसे अभियानों के माध्यम से बच्चों को स्कूलों से जोड़ने का प्रयास कर रहा है,लेकिन देवरी के इन विद्यालयों में प्रवेश नहीं मिलने की स्थिति इसके ठीक विपरीत दिखाई दे रही है। अभिभावकों का कहना है कि जब पात्र विद्यार्थियों को ही प्रवेश नहीं मिलेगा तो वे पढ़ाई छोड़ने को मजबूर होंगे। ऐसे में यह स्थिति मानो स्वयं शिक्षा विभाग द्वारा अभिभावकों और बच्चों को शाला त्यागने का न्योता देने जैसी प्रतीत होती है। यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो अनेक बच्चों का भविष्य प्रभावित हो सकता है।इस दौरान कमलेश खरे,मुवीन खान,मोती गौंड,अमित राजपूत,सौरभ नगरिया,प्रवीण पाठक,अनुराग विश्वकर्मा, रामबाबू पटेल,राकेश यादव,सोनू प्रजापति,सहित बडी संख्या मे पत्रकार गण उपस्थित रहे!
सीएम राइज स्कूल के प्राचार्य एस. के. गुप्ता ने बताया कि विद्यालय में सीटों की संख्या सीमित होने के कारण प्रवेश में परेशानी आ रही है। उन्होंने कहा कि अतिरिक्त सीटें बढ़ाने के लिए आयुक्त को पत्र भेजकर मांग की गई है। जैसे ही अनुमति प्राप्त होगी और सीटें बढ़ाई जाएंगी,सभी पात्र छात्र-छात्राओं को प्रवेश दिया जाएगा। एसडीएम मुनौव्वर खान ने अभिभावकों से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि किसी भी योग्य विद्यार्थी का भविष्य प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा।
