मुंबई : भारतीय घरों में 129 से अधिक वर्षों की उपस्थिति रखने वाले गोदरेज एंटरप्राइजेज ग्रुप (Godrej Enterprises Group – GEG) ने डिजिटल और मोबाइल-फर्स्ट दर्शकों से जुड़ने के लिए पहली बार माइक्रो-ड्रामा क्षेत्र में कदम रखा है। कंपनी ने इंस्टाग्राम पर ‘2nd Gen Kumars’ नाम से 8-एपिसोड की एक वर्टिकल माइक्रो-ड्रामा सीरीज शुरू की है, जो आधुनिक भारतीय परिवारों के आपसी रिश्तों और जीवनशैली को प्रदर्शित करती है।
लगभग दो-दो मिनट के प्रत्येक एपिसोड वाली इस सीरीज में श्रेया गुप्तो, नमन अरोड़ा, रुशद राणा और एकावली खन्ना जैसे कलाकार शामिल हैं। कहानी 30 वर्षीय तारा के हांगकांग से मुंबई लौटने और अपने नए घर में चचेरे-ममेरे भाई-बहनों का स्वागत करने के इर्द-गिर्द घूमती है। इस कहानी के माध्यम से गोदरेज के विभिन्न कंज्यूमर प्रोडक्ट्स—जैसे डिजिटल लॉक्स, होम लॉकर्स, इंटेरियो (फर्नीचर) और होम अप्लायंसेज—को पारिवारिक संवादों और रोजमर्रा के जीवन के साथ सहजता से पिरोया गया है।
सीरीज के लॉन्च पर गोदरेज एंटरप्राइजेज ग्रुप के हेड (ब्रांड एंड स्ट्रैटेजिक इनसाइट्स) सुमीत भोजानी ने बताया कि यह पहली बार है जब ग्रुप के लॉक्स, सिक्योरिटी, फर्नीचर और अप्लायंसेज सेगमेंट एक ही कंटेंट फॉर्मेट में साथ आए हैं। इसका उद्देश्य नई पीढ़ी के उपभोक्ताओं के साथ प्रासंगिक और आधुनिक कहानी के जरिए एक अर्थपूर्ण रिश्ता जोड़ना है।
