वी फ़ाउंडेशन ने रोबोत्सव के माध्यम से रोबोटिक्स की शिक्षा को क्लासरूम के दायरे से आगे बढ़ाने के लिए एरिक्सन के साथ की साझेदारी

Spread the love

एरिक्सन के सहयोग से संचालित रोबोटिक्स लैब प्रोग्राम देश भर के छात्रों को अपने डिजिटल प्लेटफॉर्म के ज़रिए रोबोटिक्स एवं एआई का व्यवहारिक अनुभव प्रदान करेगा

मुंबई: वोडाफोन आइडिया की सीएसआर शाखा, वी फ़ाउंडेशन ने एरिक्सन के साथ साझेदारी में एक इंटर-स्कूल रोबोटिक्स प्लेटफॉर्म रोबोत्सव – द फ़ेस्टिवल ऑफ़ टेक्नोलॉजी की घोषणा की है। इस प्लेटफॉर्म को युवा छात्रों में इनोवेशन, क्रिएटिविटी और स्टैम के प्रति जुनून बढ़ाने के लिए डिज़ाइन किया गया है। रोबोटिक्स लैब प्रोग्राम के तहत आयोजित रोबोत्सव की वेबसाइट (https://robotsav.org/) को आज हमारे नॉलेज पार्टनर मोइनी फ़ाउंडेशन के सहयोग से लॉन्च किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य छात्रों को रोबोटिक्स, 3डी प्रिंटिंग, प्रोग्रामिंग, वर्चुअल रियलिटी (वीआर) और जनरेटिव एआई का व्यवहारिक अनुभव प्रदान करना है। ऑनलाइन और ऑफ़लाइन लर्निंग के अनुभवों, प्रतियोगिताओं और आपसी सहयोग से की जाने वाली गतिविधियों के ज़रिए, रोबोत्सव छात्रों को दिलचस्प तरीके से रोबोटिक्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की दुनिया से परिचित कराता है।

रोबोत्सव की वेबसाइट पर, पूरे भारत के छात्र क्विज़ और निबंध-लेखन जैसी प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले सकते हैं, और रोबोटिक्स, एआई एवं अन्य नई तकनीकों के बारे में जानकारी बढ़ाने के लिए ब्लॉग और क्युरेटेड लर्निंग रिसोर्स देख सकते हैं। ओपन डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म के रूप में बनाई गई यह वेबसाइट छात्रों को अपनी गति से सीखने, जुड़ने और अपने कौशल को बेहतर बनाने का मौका देती है। आने वाले महीनों में रोबोत्सव के तहत ऑफ़लाइन प्रतियोगिताएं भी शुरू होंगी, जिससे छात्रों को अपना हुनर दिखाने और साथियों के साथ मिलकर काम करने के और भी मौके मिलेंगे।

इस पहल के बारे में बात करते हुए, वोडाफोन आइडिया की चीफ रेगुलेटरी एवं कॉर्पोरेट अफेयर्स ऑफिसर और वी फाउंडेशन की डायरेक्टर, अंबिका खुराना ने कहा, “रोबोत्सव कई पहलों में से एक है, जिनका उद्देश्य युवा छात्रों के लिए रोबोटिक्स एवं एआई की पढ़ाई को ज़्यादा दिलचस्प और आसान बनाकर ‘डिजिटल इंडिया’ मिशन में योगदान देना है। रोबोटिक्स लैब प्रोग्राम के ज़रिए, हमने देखा है कि कैसे नई टेक्नोलॉजी का व्यवहारिक अनुभव छात्रों में जिज्ञासा, रचनात्मकता और आत्मविश्वास उत्पन्न कर सकता है। रोबोत्सव वेबसाइट इसी कोशिश को आगे बढ़ाते हुए एक ऐसा प्लेटफॉर्म देती है जहाँ देश भर के छात्र सीख सकते हैं, मुकाबला कर सकते हैं और टेक्नोलॉजी की लगातार बदलती दुनिया को एक्सप्लोर कर सकते हैं। इस पहल के ज़रिए हमारा उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं को इनोवेशन करने और स्टैम के प्रति अपने जुनून को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करना है।”

एरिक्सन इंडिया में सस्टेनेबिलिटी और कॉर्पोरेट रिस्पॉन्सिबिलिटी के हैड, सहर्ष साइमन डेविड ने कहा, “रोबोत्सव एक रोमांचक प्लेटफॉर्म है जो छात्रों को टेक्नोलॉजी को एक्सप्लोर करने, इनोवेट करने और रचनात्मक तरीकों से टेक्नोलॉजी के इस्तेमाल के लिए प्रोत्साहित करता है। छात्रों को कम उम्र में ही रोबोटिक्स एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से परिचित कराकर, हम जिज्ञासा को बढ़ावा देने, समस्या-समाधान की क्षमताओं को मज़बूत बनाने और इनोवेटर्स की अगली पीढ़ी को प्रेरित करने के लिए तत्पर हैं। वी फाउंडेशन के साथ यह साझेदारी देश भर के छात्रों के लिए टेक्नोलॉजी को सुलभ बनाने की हमारी साझा प्रतिबद्धता को दर्शाती है।”

सात राज्यों में चल रही 20 रोबोटिक्स लैब्स के ज़रिए, रोबोटिक्स लैब प्रोग्राम ने देश के लगभग 10,000 छात्रों पर सकारात्मक प्रभाव उत्पन्न किया है। रोबोत्सव वेबसाइट के माध्यम से, वी फाउंडेशन और एरिक्सन का लक्ष्य इस प्रभाव को और आगे बढ़ाना तथा भारतीय टेक्नोलॉजी इनोवेटर्स की अगली पीढ़ी को तैयार करना है।

admin1

admin1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *