युवा संवाद कार्यक्रम का भव्य आयोजन

Spread the love

भोपाल में मानसरोवर ग्लोबल यूनिवर्सिटी परिसर में आज ‘माँ के नाम एक अभियान’ के तहत ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने युवाओं से नवाचार और विकास के पथ पर आगे बढ़ने का आह्वान किया। साथ ही प्रकृति और संस्कृति के संरक्षण के लिए प्रकृति-केंद्रित जीवनशैली अपनाने का संकल्प दिलाया गया।

मानसरोवर ग्लोबल यूनिवर्सिटी, भोपाल में आयोजित ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा, मध्य प्रदेश युवा आयोग के अध्यक्ष प्रवीण शर्मा, नर्मदा मिशन की राष्ट्रीय संयोजक डॉ. प्रिया भावे चित्तावरे, एमपीपीयूआरसी अध्यक्ष डॉ. खेम सिंह डहेरिया सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम पूज्य संत अवधूत श्री दादागुरु भगवान के पावन सानिध्य में आयोजित हुआ।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने युवाओं से संवाद करते हुए कहा कि युवा नवाचार और विकास के पथ पर आगे बढ़ें। उन्होंने स्वाध्याय और अनुशासन को जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए युवाओं को निरंतर सीखने और सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया। कार्यक्रम का मुख्य संदेश रहा—‘प्रकृति से प्रगति की ओर, संस्कृति से समृद्धि की ओर।’

अवधूत श्री दादागुरु भगवान ने युवाओं को जीवन में सही दिशा, नैतिकता और राष्ट्रप्रेम के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। वहीं हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा ने युवाओं से प्रकृति और संस्कृति से जुड़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में मानसरोवर ग्लोबल यूनिवर्सिटी के प्रति कुलाधिपति इंजी. गौरव तिवारी ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश ने पिछले कुछ वर्षों में विकास की रफ्तार पकड़ी है और आने वाले समय में राज्य का कोई भी युवा बेरोजगार नहीं रहेगा।

कार्यक्रम के दौरान इंटरैक्टिव सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने संतों और अतिथियों से सीधे संवाद किया और विभिन्न विषयों पर अपने सवाल रखे। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथियों को कलाकार राज सैनी द्वारा निर्मित स्मृति चिन्ह और स्केच पेंटिंग भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का समापन छात्रा योगिता राय के आभार प्रदर्शन के साथ हुआ। ‘युवा संवाद’ में बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं और विद्यार्थी मौजूद रहे। कार्यक्रम में युवाओं ने प्रकृति और संस्कृति के संरक्षण के साथ नवाचार, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया।

admin1

admin1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *