पूर्व सैनिकों ने विजय शाह के खिलाफ खोला मोर्चा

Spread the love

प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से पूर्व सैनिक विभाग, कांग्रेस मध्य प्रदेश ने मंत्री कुंवर विजय शाह के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पूर्व सैनिक विभाग ने कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी की कड़ी निंदा करते हुए मंत्री को पद से हटाने और उनके खिलाफ कानून के मुताबिक कठोर कार्रवाई की मांग की है। पूर्व सैनिकों आरोप है कि 13 मई 2025 को महू के मानपुर में आयोजित एक जनसभा के दौरान मंत्री कुंवर विजय शाह ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सेना की प्रवक्ता रहीं कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। कांग्रेस का कहना है कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना ने 7 मई 2025 को ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत क्षेत्र में आतंकी ठिकानों पर कार्रवाई की थी। इस दौरान कर्नल सोफिया कुरैशी ने सेना की ओर से देश को महत्वपूर्ण जानकारी दी थी। पूर्व सैनिक विभाग के मुताबिक, सेना की एक महिला अधिकारी के खिलाफ इस तरह की टिप्पणी न केवल आपत्तिजनक है, बल्कि इससे भारतीय सेना के सम्मान और सैनिकों के त्याग की गरिमा भी प्रभावित होती है। मध्य प्रदेश हाईकोर्ट द्वारा स्वतः संज्ञान लेते हुए एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए गए थे। साथ ही, सुप्रीम कोर्ट ने भी मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई को लेकर निर्देश दिए। इसके बावजूद मंत्री विजय शाह को मंत्रिमंडल में बनाए रखने पर पूर्व सैनिक विभाग ने सवाल उठाए हैं। मध्य प्रदेश सरकार से मांग की है कि मंत्री विजय शाह के खिलाफ निष्पक्ष और कठोर कार्रवाई की जाए और उन्हें मंत्रिमंडल से हटाया जाए। स्पष्ट किया कि भारतीय सेना किसी राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि पूरे देश की सेना है और सैनिकों तथा सैन्य अधिकारियों का सम्मान सर्वोपरि है। पूर्व सैनिक विभाग ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने इस मामले में शीघ्र उचित कार्रवाई नहीं की, तो पूर्व सैनिक लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करने के लिए सड़कों पर उतरेंगे।

admin1

admin1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *