यह मुकाम भारत की पावर इंफ्रास्ट्रक्चर क्षमता मजबूत करने, आत्मनिर्भर भारत को बढ़ावा देने और भारत व वैश्विक बाजारों के लिए विश्वस्तरीय ट्रांसफॉर्मर क्षमता विकसित करने की सीजी की प्रतिबद्धता को मजबूत करता है
सीहोर : इंजीनियरिंग क्षेत्र की प्रमुख कंपनी और इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग उद्योग की अग्रणी कंपनी सीजी पावर एंड इंडस्ट्रियल सॉल्यूशंस लिमिटेड (सीजी) ने आज मध्य प्रदेश के सीहोर स्थित अपनी नई ग्रीनफील्ड विनिर्माण इकाई से पहले पावर ट्रांसफॉर्मर के तैयार होने की घोषणा की। 50 एकड़ में फैली यह इकाई भारत की सबसे बड़ी सिंगल-लोकेशन पावर ट्रांसफॉर्मर विनिर्माण सुविधा है। यहां 220 केवी से 1200 केवी श्रेणी के पावर ट्रांसफॉर्मर बनाए जाएंगे और इसकी क्षमता हर महीने 35 पावर ट्रांसफॉर्मर तैयार करने की है। पहले ट्रांसफॉर्मर के तैयार होने के अवसर पर मध्य प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मौजूद रहे।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा, “हमारे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के विजन को हासिल करने में बिजली एक महत्वपूर्ण घटक है। इस तरह की विनिर्माण सुविधा हाई-वोल्टेज ट्रांसमिशन उपकरणों के क्षेत्र में भारत की क्षमता को मजबूत करती है और बिजली की कमी वाले देश से बिजली की पर्याप्त उपलब्धता वाले राष्ट्र की ओर हमारे बदलाव में सहयोग करती है। इसके अलावा, मध्य प्रदेश में इस तरह का औद्योगिक निवेश स्थानीय युवाओं के लिए अवसर पैदा करता है और समुदायों के विकास में योगदान देता है। सीजी की यह सुविधा सीहोर में 2,000 से अधिक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार पैदा करेगी। हमारी सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास करती रहेगी कि मध्य प्रदेश में किए गए प्रत्येक निवेश प्रस्ताव का जमीन पर वास्तविक कारखाने के रूप में क्रियान्वयन हो और उसका लाभ मध्य प्रदेश की जनता को मिलता रहे।”
सीजी पावर एंड इंडस्ट्रियल सॉल्यूशंस लिमिटेड के चेयरमैन वेल्लयन सुब्बैया ने कहा, “भारत 2030 तक दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है और इसके साथ बिजली की मांग भी बढ़ेगी। सीजी करीब नौ दशकों से ट्रांसफॉर्मर और स्विचगियर समेत इलेक्ट्रिकल इंफ्रास्ट्रक्चर उपकरणों के क्षेत्र में अग्रणी कंपनियों में रही है और यह विरासत हमारी नई सीहोर सुविधा में दिखाई देती है। दुनिया के सबसे बड़े पावर ट्रांसफॉर्मर बनाने के लिए बड़े पैमाने पर स्थापित यह सुविधा पावर इंफ्रास्ट्रक्चर उपकरणों की बढ़ती मांग को पूरा करने में मदद करेगी और साथ ही निर्यात में भी योगदान देगी।”
सीजी पावर एंड इंडस्ट्रियल सॉल्यूशंस लिमिटेड के ग्रुप सीईओ एवं मैनेजिंग डायरेक्टर अमर कौल ने कहा, “अगस्त 2025 में जब माननीय मुख्यमंत्री ने इस संयंत्र का भूमिपूजन किया था, तब हमने इसे तेजी से तैयार करने की प्रतिबद्धता जताई थी। आज पहले ट्रांसफॉर्मर का तैयार होना उस चुस्ती, सहयोग और जिम्मेदारी की भावना का ठोस परिणाम है, जिसके साथ इस सुविधा का निर्माण किया गया। इस सुविधा को केवल 13-14 महीनों में परिचालन के लिए तैयार करना मध्य प्रदेश सरकार के जबरदस्त सहयोग और हमारे निष्पादन उत्कृष्टता इंजन सीजी एज की बदौलत संभव हुआ। विभिन्न विभागों की टीमों ने गुणवत्ता और सुरक्षा के उच्च मानकों को बनाए रखते हुए काम में तेजी लाने के लिए #OneCG के रूप में एकजुट होकर काम किया।”
सीहोर स्थित यह सुविधा सीजी की वैश्विक स्तर पर यूटिलिटीज, डेटा सेंटर, रेलवे, नवीकरणीय ऊर्जा, तेल एवं गैस और ट्रांसमिशन इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों को सेवाएं देने की क्षमता को मजबूत करेगी। यह कंपनी के तेजी से बढ़ते निर्यात कारोबार को भी समर्थन प्रदान करेगी।
