कल्याणी स्ट्रैटेजिक सिस्टम्स ने भारत में छोटे हथियार और काउंटर-यूएएस क्षमता विकसित करने के लिए एफएन हर्स्टल के साथ साझेदारी की

Spread the love

समझौता ज्ञापन से भारत में समर्पित उत्पादन केंद्र, तकनीकी सहयोग और संभावित संयुक्त उपक्रम का रास्ता खुलेगा; ‘मेक इन इंडिया’ को मिलेगा समर्थन

नई दिल्ली: भारत फोर्ज लिमिटेड की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी कल्याणी स्ट्रैटेजिक सिस्टम्स लिमिटेड (केएसएसएल) और एफएन ब्राउनिंग ग्रुप की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी एफएन हर्स्टलने आज भारत की रक्षा जरूरतों को पूरा करने के लिए स्थानीय विनिर्माण और औद्योगिक सहयोग को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए।

यह साझेदारी भारत की छह दशक लंबी उन्नत इंजीनियरिंग और बड़े पैमाने पर प्रौद्योगिकी-आधारित विनिर्माण क्षमता को एफएन हर्स्टल के छोटे हथियारों और एकीकृत हथियार प्रणालियों के क्षेत्र में 135 से अधिक वर्षों के वैश्विक अनुभव के साथ जोड़ेगी।

समझौता ज्ञापन के तहत केएसएसएल और एफएन हर्स्टल भारत में एक समर्पित उत्पादन केंद्रस्थापित करने की संभावनाओं का मूल्यांकन करेंगे। इसके साथ ही भारतीय बाजार के लिए एफएन हर्स्टल की विभिन्न रक्षा प्रणालियों को कवर करने वाले रणनीतिक गठबंधन/संयुक्त उपक्रम की संभावनाएं भी तलाशी जाएंगी। इसमें छोटे हथियार, एकीकृत हथियार प्रणालियां और काउंटर-मानवरहित हवाई प्रणाली (C-UAS) समाधान शामिल होंगे।

यह पहल भारत सरकार की ‘मेक इन इंडिया’ नीति के अनुरूप है। इसका उद्देश्य स्थानीय विनिर्माण, तकनीकी सहयोग और स्थानीय स्तर पर मूल्य सृजन के माध्यम से देश के भीतर रक्षा उत्पादन क्षमता विकसित करना है। इससे भारत के रक्षा औद्योगिक आधार को मजबूत करने और रक्षा खरीद कार्यक्रमों में घरेलू भागीदारी बढ़ाने में मदद मिलेगी।

भारतीय सशस्त्र बलों के लिए इसका अर्थ लंबे समय तक रक्षा उपकरणों की आपूर्ति की सुनिश्चितता और रणनीतिक स्वायत्तता में बढ़ोतरी होगा। ये ऐसी प्रणालियां हैं जो सैन्य बलों की परिचालन तैयारियों के लिए महत्वपूर्ण हैं।

भारत फोर्ज लिमिटेड के वाइस चेयरमैन एवं ज्वाइंट मैनेजिंग डायरेक्टर अमित कल्याणी ने कहा, “कल्याणी स्ट्रैटेजिक सिस्टम्स (केएसएसएल) को एफएन हर्स्टल के साथ साझेदारी करने पर गर्व है। इसके जरिए हम विश्वस्तरीय तकनीक, उत्पाद और विनिर्माण विशेषज्ञता भारत में ला रहे हैं। एफएन हर्स्टल के वैश्विक स्तर पर सम्मानित उत्पाद पोर्टफोलियो और दशकों के अनुभव को केएसएसएल की इंजीनियरिंग उत्कृष्टता और औद्योगिक क्षमता के साथ जोड़कर हम भारत से भारत और वैश्विक बाजारों के लिए उन्नत रक्षा समाधान उपलब्ध कराने का मजबूत मंच तैयार कर रहे हैं। हमारा लक्ष्य स्थानीय स्तर पर निर्मित और वैश्विक स्तर पर अग्रणी उत्पादों के माध्यम से भारत के रक्षा आधुनिकीकरण में सहयोग करना, स्वदेशी क्षमताओं को मजबूत करना और आत्मनिर्भर भारत के दृष्टिकोण को आगे बढ़ाना है।”

एफएन ब्राउनिंग ग्रुप के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जूलियन कॉम्पेयर ने कहा, “भारत एफएन हर्स्टल के लिए एक रणनीतिक साझेदार है और हमें कल्याणी स्ट्रैटेजिक सिस्टम्स के साथ यह महत्वपूर्ण कदम उठाने पर गर्व है। यह समझौता एक साझा महत्वाकांक्षा को दर्शाता है—दुनिया की सबसे चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में काम करने वाली सशस्त्र सेनाओं द्वारा भरोसा की जाने वाली एफएन हर्स्टल की प्रमाणित रक्षा प्रणालियों को केएसएसएल की उत्कृष्ट औद्योगिक क्षमताओं के साथ जोड़कर भारतीय सशस्त्र बलों के लिए दीर्घकालिक स्वदेशी क्षमता विकसित करना।

हम स्थानीय विनिर्माण, तकनीकी सहयोग और उन्नत रक्षा क्षमताओं के विकास के माध्यम से ‘मेक इन इंडिया’ के उद्देश्यों को समर्थन देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इससे भारत, भारतीय सशस्त्र बलों और दोनों कंपनियों के लिए दीर्घकालिक मूल्य का सृजन होगा।”

समझौता ज्ञापन की शर्तों के तहत दोनों पक्ष मुख्य रूप से भारतीय बाजार की जरूरतों को पूरा करने के उद्देश्य से संभावित सहयोग परियोजनाओं की व्यवहार्यता का संयुक्त रूप से अध्ययन और मूल्यांकन करेंगे।

admin1

admin1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *