भोपाल : इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ आर्किटेक्ट्स (IIA) भोपाल सेंटर की ओर से शनिवार को आईआईए डिजाइन एप्रिसिएशन अवॉर्ड्स 2026 के चौथे संस्करण का आयोजन जियोवानी विलेज में किया गया। समारोह में वास्तुकला और डिजाइन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले आर्किटेक्ट्स और प्रोफेशनल्स के योगदान को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में शहर के आर्किटेक्ट्स, डिजाइनर्स, शिक्षाविदों और वास्तुकला से जुड़े विशेषज्ञ शामिल हुए।
समारोह में आर्किटेक्ट डॉ. अमोघ कुमार गुप्ता को वास्तुकला के क्षेत्र में उनके दीर्घकालीन योगदान के लिए लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनके लंबे पेशेवर अनुभव और वास्तुकला के क्षेत्र में दिए गए महत्वपूर्ण योगदान के लिए प्रदान किया गया।
आईआईए भोपाल सेंटर के चेयरमैन आर्किटेक्ट अक्षय सेलुकर ने कहा कि डिजाइन एप्रिसिएशन अवॉर्ड्स का उद्देश्य वास्तुकारों और डिजाइनर्स के रचनात्मक कार्यों को पहचान देना और उन्हें प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि वास्तुकला लगातार बदल रही है और ऐसे मंच नई सोच, प्रयोग और बेहतर डिजाइन को सामने लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि आईआईए भोपाल सेंटर आगे भी वास्तु समुदाय को नए अवसर उपलब्ध कराने और पेशेवर उत्कृष्टता को बढ़ावा देने के लिए काम करता रहेगा।
समारोह के दौरान नेतृत्व परिवर्तन की भी घोषणा की गई। आर्किटेक्ट अक्षय सेलुकर ने आर्किटेक्ट हेमंत विश्वकर्मा को वर्ष 2026-28 के लिए आईआईए भोपाल सेंटर का नया चेयरमैन घोषित किया। इसके साथ ही आईआईए भोपाल सेंटर में नए कार्यकाल की शुरुआत का मार्ग प्रशस्त हुआ।
नए नेतृत्व के साथ संस्था की ओर से वास्तुकला के क्षेत्र में संवाद, ज्ञान के आदान-प्रदान और आर्किटेक्ट्स के लिए बेहतर पेशेवर अवसरों को बढ़ावा देने पर जोर दिया जाएगा।
आईआईए डिजाइन एप्रिसिएशन अवॉर्ड्स 2026 के माध्यम से भोपाल के वास्तु समुदाय में हो रहे बेहतर और नवाचारपूर्ण कार्यों को मंच मिला। समारोह ने न केवल उत्कृष्ट कार्यों को सम्मानित किया, बल्कि वास्तुकला के क्षेत्र में नई सोच और रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने का संदेश भी दिया।
