इग्नू दिसंबर 2026 सत्रांत परीक्षा के लिए परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया शुरू

Spread the love

इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित दिसंबर 2026 सत्रांत परीक्षा के लिए परीक्षा प्रपत्र भरने की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा तथा ऑनलाइन कार्यक्रमों के विद्यार्थियों की दिसंबर 2026 सत्रांत परीक्षा 25 नवंबर 2026 से प्रारंभ होगी।

इग्नू क्षेत्रीय केन्द्र, भोपाल के अंतर्गत अध्ययनरत पात्र विद्यार्थियों के लिए सैद्धांतिक विषयों हेतु परीक्षा प्रपत्र भरने की सामान्य अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। इसके पश्चात विद्यार्थी विलंब शुल्क के साथ 15 अक्टूबर 2026 तक परीक्षा प्रपत्र भर सकते हैं। विद्यार्थियों से अपील की गई है कि वे अंतिम तिथि की प्रतीक्षा किए बिना समय पर अपना परीक्षा प्रपत्र भरें।

परियोजना, इंटर्नशिप एवं प्रायोगिक पाठ्यक्रमों के लिए पृथक व्यवस्था: 

दिसंबर 2026 सत्रांत परीक्षा से परियोजना, इंटर्नशिप एवं प्रायोगिक पाठ्यक्रमों के लिए परीक्षा प्रपत्र भरने की पृथक व्यवस्था की गई है। जिन विद्यार्थियों के कार्यक्रम में ऐसे पाठ्यक्रम शामिल हैं, उन्हें संबंधित पाठ्यक्रमों के लिए समर्थ पोर्टल के माध्यम से अलग से परीक्षा प्रपत्र भरना अनिवार्य होगा।

इन पाठ्यक्रमों के लिए परीक्षा प्रपत्र भरने की अंतिम तिथि 30 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। इस तिथि के बाद परियोजना, इंटर्नशिप एवं प्रायोगिक पाठ्यक्रमों के परीक्षा प्रपत्र स्वीकार नहीं किए जाएंगे। परियोजना जमा करने तथा प्रायोगिक परीक्षाओं से संबंधित ऑनलाइन सुविधा भी उपलब्ध करा दी गई है।

समर्थ विद्यार्थी पोर्टल से भरना होगा परीक्षा प्रपत्र:

विद्यार्थियों को परीक्षा फॉर्म समर्थ विद्यार्थी पोर्टल के माध्यम से भरना होगा। जिन विद्यार्थियों ने अभी तक विद्यार्थी पोर्टल पर पंजीकरण नहीं किया है, वे पहले नवीन पंजीकरण के माध्यम से अपना पंजीकरण करें और उसके बाद परीक्षा प्रपत्र भरें।

परीक्षा फॉर्म भरते समय परीक्षा पद्धति, पाठ्यक्रम तथा परीक्षा केन्द्र का चयन सावधानीपूर्वक करने की सलाह दी गई है। विद्यार्थियों को परीक्षा प्रपत्र भरने से पूर्व जून 2026 सत्रांत परीक्षा का परिणाम जांचने तथा समर्थ पोर्टल पर उपलब्ध विस्तृत दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ने की सलाह दी गई है। एक बार जमा की गई परीक्षा शुल्क राशि वापस नहीं की जाएगी। एक ही समूह के पाठ्यक्रमों अथवा लंबित पाठ्यक्रमों के कारण उत्पन्न तिथि टकराव के संबंध में विश्वविद्यालय के निर्धारित नियमों के अनुसार विचार नहीं किया जाएगा।

विभिन्न जिलों में 16 परीक्षा केन्द्रों की व्यवस्था:

इग्नू क्षेत्रीय केन्द्र, भोपाल के वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक डॉ. अंशुमान उपाध्याय ने बताया कि क्षेत्रीय केन्द्र के अंतर्गत विभिन्न जिलों के विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 16 परीक्षा केन्द्रों की व्यवस्था की गई है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, नर्मदापुरम, ग्वालियर, मंदसौर, झाबुआ, शिवपुरी, महू एवं खंडवा सहित विभिन्न स्थानों पर सत्रांत परीक्षाओं का आयोजन किया जाएगा। क्षेत्रीय केन्द्र, भोपाल द्वारा भोपाल, उज्जैन, नर्मदापुरम एवं इंदौर के चार केंद्रीय कारागारों में भी परीक्षा केन्द्र स्थापित किए गए हैं। इन केन्द्रों के माध्यम से इग्नू में नामांकित बंदी विद्यार्थियों को अपनी सत्रांत परीक्षाएं सुचारू रूप से देने की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

प्रायोगिक एवं प्रयोगशाला पाठ्यक्रमों तथा पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान स्नातक कार्यक्रम के विद्यार्थियों को प्रायोगिक परीक्षा के स्थान एवं समय-सारणी के संबंध में क्षेत्रीय केन्द्र, भोपाल द्वारा पृथक रूप से सूचित किया जाएगा।

पंजीकरण अथवा परीक्षा प्रपत्र भरने में किसी प्रकार की कठिनाई होने पर विद्यार्थी examsupport_rcbhopal@ignou.ac.in  पर संपर्क कर सकते हैं।

इग्नू क्षेत्रीय केन्द्र, भोपाल ने सभी पात्र विद्यार्थियों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर परीक्षा प्रपत्र भरकर दिसंबर 2026 सत्रांत परीक्षा में सम्मिलित होने की प्रक्रिया समय पर पूर्ण करने का अनुरोध किया है।

admin1

admin1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *