स्वच्छ एवं स्वस्थ भारत के संदेश के साथ SAI CRC भोपाल ने लोअर लेक पर आयोजित किया मेगा प्लॉगिंग अभियान

Spread the love

महात्मा गांधी जयंती एवं स्वच्छ भारत दिवस के अवसर पर भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI), मध्य क्षेत्रीय केंद्र भोपाल द्वारा “प्लॉगिंग फॉर क्लीनर एंड हेल्थियर भारत ” थीम के साथ प्रतिष्ठित लोअर लेक, भोपाल में मेगा प्लॉगिंग एवं स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। अभियान में लगभग 200 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वच्छता, फिटनेस और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।

अभियान में अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी, फिट इंडिया इन्फ्लुएंसर, SAI के अधिकारी एवं कर्मचारी, कोच एवं प्रशिक्षक, M.P. एमेच्योर कयाकिंग एवं कैनोइंग  एसोसिएशन, मध्य प्रदेश पुलिस, एसएसबी , पायोनियर बोट क्लब, भोपाल नगर निगम (बीएमसी ) सहित बड़ी संख्या में फिटनेस एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक नागरिक शामिल हुए।

क्षेत्रीय निदेशक श्री गौरव रावत ने प्लॉगिंग रैली को दिखाई हरी झंडी
कार्यक्रम की शुरुआत फिट इंडिया इंफ्लुएंसर श्रीमती अनिता सोलंकी द्वारा प्रतिभागियों के लिए विशेष वार्म -अप एवं फिटनेस सेशन के साथ हुई। इसके पश्चात SAI CRC भोपाल के क्षेत्रीय निदेशक श्री गौरव रावत ने प्लॉगिंग रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रतिभागियों ने प्लॉगिंग के माध्यम से लोअर लेक के मार्ग एवं तालाब  में पड़े कचरे को एकत्रित करते हुए स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया। 

इस अवसर पर SAI CRC भोपाल के क्षेत्रीय निदेशक श्री गौरव रावत ने कहा: “स्वच्छ भारत प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी और सामूहिक भागीदारी का संकल्प है। खेल और फिटनेस लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं, वहीं प्लॉगिंग जैसी गतिविधियां फिटनेस को स्वच्छता के सामाजिक दायित्व से जोड़ती हैं। लोअर लेक जैसे हमारे शहर के महत्वपूर्ण प्राकृतिक स्थल पर आयोजित यह अभियान फिटनेस के साथ-साथ सफाई को बढ़ावा देना महात्मा गांधी जी के स्वच्छ भारत के सपने को साकार करना है। हमारा इस जगह को चुनने का उद्देश्य यह था कि बहुत सारे हमारे नेशनल एवं इंटरनेशनल एथलीट यहां ट्रेनिंग करते हैं। यहां इस जल को स्वच्छ रखना हमारी जिम्मेदारी है. इसके जरिए हम यह संदेश देना चाहते हैं कि लोग अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखें। स्वच्छता को अपनी दिनचर्या में आत्मसात करें स्वच्छता को चारों तरफ फैलाएं।”

मेगा प्लॉगिंग अभियान के माध्यम से प्रतिभागियों ने “फिटनेस के साथ स्वच्छता” और स्वच्छता से स्वास्थ्य की और का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया। कार्यक्रम ने शारीरिक सक्रियता, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक सहभागिता को एक साथ जोड़ते हुए स्वच्छ एवं स्वस्थ भारत के निर्माण में नागरिक भागीदारी की आवश्यकता को रेखांकित किया।


SAI CRC भोपाल द्वारा आयोजित यह अभियान स्वच्छता, जनभागीदारी और फिटनेस को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे विभिन्न प्रयासों की कड़ी का हिस्सा रहा।

admin1

admin1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *