मौलाना साद साहब ने आगामी इज्तिमा की तैयारियां पूरे इख़लास और जिम्मेदारी से करने का दिया संदेश
सभी सहयोगियों, प्रशासन एवं पुलिस का आलमी तब्लीगी इज्तिमा कमेटी ने जताया आभार
भोपाल की ऐतिहासिक ताज-उल-मसाजिद में आयोजित सालाना जोड़ दिल्ली मरकज के मौलाना साद साहब कंधलवी की दुआ के साथ संपन्न हुआ। मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लगभग 6 हजार लोगों की सहभागिता वाले इस आयोजन में आगामी दिसंबर में होने वाले 79वें भोपाल इज्तिमा की तैयारियों, मशविरे और आपसी समन्वय पर विचार-विमर्श किया गया।
कई वर्षों से चली आ रही परंपरा के अनुसार आयोजित इस सालाना जोड़ का उद्देश्य आगामी भोपाल इज्तिमा के लिए लोगों को अपनी सेवाएं देने हेतु प्रेरित करना और आयोजन की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए सामूहिक रूप से योजना तैयार करना रहा।
बुरे कामों से तौबा और भलाई के रास्ते पर चलने की दी सीख
दुआ से पहले खुसूसी बात के दौरान दिल्ली मरकज़ से आए मौलाना सआद साहब ने चार महीने की जमात के लिए निकलने वालों को ताकीद और नसीहत दी। इस दौरान उन्होंने मौजूद मजमे से वचन लिया कि वे झूठ, फ़रेब, बेईमानी, दगा, धोखा, नशे से दूर रहेंगे। हक, हलाल और ईमान पर पाबंद रहेंगे। अल्लाह और उसके रसूल के बताए रास्ते पर चलेंगे। अपनी तरफ से किसी को नुकसान या तकलीफ पहुंचाने वाला कोई काम नहीं करेंगे।
मौलाना सआद साहब ने जब दुआ के लिए हाथ उठाए तो पूरे मजमे से आमीन की आवाज बुलंद हुई। उन्होंने ईमान की पुख्तगी, समाज के लिए अच्छे व्यवहार, सूबे और मुल्क की कामयाबी, सबके लिए सेहत और तंदुरुस्ती और नमाज का पाबंद होने की दुआ की।
भोपाल इज्तिमा की तैयारियों को जिम्मेदारी से करने की दी सीख
इस अवसर पर हज़रत जी मौलाना साद साहब कंधलवी ने अपने बयान में कहा कि भोपाल इज्तिमा अब करीब है और इसकी तैयारियां पूरे इख़लास एवं जिम्मेदारी के साथ की जानी चाहिए, ताकि किसी भी व्यक्ति को हमारी ज़ात या किसी भी अमल से कोई तकलीफ न पहुंचे।
उन्होंने सभी को साथ लेकर चलने तथा आपसी मोहब्बत, भाईचारे, बाहमी एहतराम और तआवुन बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों और अच्छे अख़लाक़ के माध्यम से आगामी इज्तिमा को अमन, इत्तेहाद और हुस्न-ए-अख़लाक़ की मिसाल बनाया जाना चाहिए।
कमेटी ने जताया आभार
कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रशासन, पुलिस, नगर निगम एवं विभिन्न संस्थाओं का महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ। आलमी तब्लीगी इज्तिमा कमेटी ने सभी सहयोगियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।
विशेष रूप से थाना स्थानीय के टीआई यू.पी.एस. चौहान के निरंतर एवं निःस्वार्थ सहयोग के लिए कमेटी ने उनका धन्यवाद किया। साथ ही, पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने तथा ट्रैफिक पुलिस द्वारा यातायात प्रबंधन को सुचारु रखने के लिए भी आभार व्यक्त किया गया।
नगर निगम भोपाल द्वारा साफ-सफाई एवं आवश्यक सेवाओं के लिए त्वरित कार्रवाई और तत्पर सहयोग की सराहना करते हुए निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का भी विशेष धन्यवाद किया गया। इसके अतिरिक्त, मध्य प्रदेश वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सनवर पटेल के सहयोग एवं समर्थन, मसाजिद कमेटी के सचिव सैयद ओवैस अली तथा ताज-उल-मसाजिद के मोहतमिम मौलाना हस्सान खान साहब के मार्गदर्शन और सहयोग के लिए भी कमेटी ने आभार व्यक्त किया। कमेटी ने कहा कि इस प्रकार के बड़े धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों की सफलता सभी संबंधित पक्षों के आपसी सहयोग, समन्वय और समर्पण से ही संभव होती है। सभी के सहयोग से सालाना जोड़ शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
