इंदौर यातायात पुलिस ने वाहन चालकों के साथ बच्चों को भी बनाया सड़क सुरक्षा का संदेशवाहक
इंदौर। सड़क सुरक्षा व आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह के दिशा निर्देशन में तथा अति पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री आर के सिंह व पुलिस उपायुक्त (यातायात) श्री राजेश त्रिपाठी के मार्गदर्शन में इंदौर यातायात पुलिस द्वारा निरंतर जनजागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं।
इसी क्रम में चाणक्यपुरी चौराहे एवं आसपास के क्षेत्रों में 10 दिवसीय विशेष यातायात जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान निरीक्षक सोनाली मौर्य, एसआई पी.एस. नागर एवं यातायात प्रहरी श्यामसुंदर बिहानी की टीम द्वारा वाहन चालकों को यातायात नियमों की समझाइश देते हुए हेलमेट के नियमित उपयोग के लिए प्रेरित किया गया।
अभियान की खास पहल के तहत दोपहिया वाहनों पर अपने माता-पिता के साथ बैठे बच्चों को यातायात जागरूकता से संबंधित स्टिकर्स एवं चॉकलेट वितरित किए गए। साथ ही उनके माता-पिता को स्टिकर्स के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि—
“बच्चे आदतों से सीखते हैं।
जब आप हेलमेट पहनकर वाहन चलाएंगे, तो बच्चे भी आपको देखकर यातायात नियमों का पालन करना सीखेंगे।”
यातायात पुलिस ने अभिभावकों से अपील करी कि वे बच्चों के सामने स्वयं हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति से वाहन चलाने एवं अन्य यातायात नियमों का पालन करने का उदाहरण प्रस्तुत करें, ताकि सड़क सुरक्षा की आदत बचपन से ही विकसित हो सके।
इस अभियान का उद्देश्य केवल वाहन चालकों को नियमों की जानकारी देना नहीं, बल्कि बच्चों को सड़क सुरक्षा का सहभागी बनाकर उनके माध्यम से परिवारों तक यातायात नियमों का सकारात्मक संदेश पहुंचाना है।
“आपकी सावधानी, बच्चों की सीख—सुरक्षित यातायात की यही सही है नींव।”
