श्रमदान से बदली पंचमुखी हनुमान मंदिर परिसर की तस्वीर, स्वच्छता का संकल्प लेकर निकले विद्यार्थी

Spread the love

सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत स्वच्छता पखवाड़े का शुभारंभ, विद्यार्थियों ने श्रमदान कर हटाया महीनों का कचरा

देवरीकला-: सेवा, संस्कार और सामाजिक सरोकार की भावना को साकार करते हुए पं. बृजकिशोर पटेरिया शिक्षा महाविद्यालय, देवरी द्वारा सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत 2 से 10 अक्टूबर तक आयोजित स्वच्छता पखवाड़े का भव्य शुभारंभ शुक्रवार को नगर के प्रसिद्ध आस्था केंद्र श्री पंचमुखी हनुमान मंदिर परिसर में व्यापक स्वच्छता एवं श्रमदान के साथ हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय परिसर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर हुई। इसके पश्चात स्वच्छता एवं सेवा के महत्व पर संगोष्ठी के उपरांत महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं, शिक्षक एवं अन्य कर्मचारी स्वच्छता सामग्री के साथ मुख्य मार्गों से होते हुए बस स्टैंड स्थित गांधी प्रतिमा तक पहुंचे, जहां महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर स्वच्छता और सेवा का संकल्प लिया गया।

इसके बाद पूरा दल श्री पंचमुखी हनुमान मंदिर परिसर पहुंचा, जहां राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के स्वयंसेवकों ने व्यापक श्रमदान अभियान चलाया। मंदिर परिसर के साथ-साथ पीछे स्थित उद्यान, सड़क किनारे के क्षेत्र तथा आसपास के सार्वजनिक स्थानों की भी साफ-सफाई की गई।

महीनों से जमा कचरा हटाया, बनाया 10 फीट चौड़ा रास्ता

स्वच्छता अभियान के दौरान मंदिर के समीप स्थित महिला एवं बाल विकास कार्यालय के सामने बारिश के कारण उगी घास, शैवाल और जमा कचरे को हटाया गया। स्वयंसेवकों ने घंटों मेहनत कर इस पूरे क्षेत्र को स्वच्छ एवं व्यवस्थित किया।
उद्यान की स्थिति भी लंबे समय से सफाई के अभाव में खराब थी। कई महीनों से जमा कचरे, सूखी घास और झाड़ियों को हटाया गया। बड़ी मात्रा में पॉलीथिन, प्लास्टिक एवं अन्य विविध प्रकार के कचरे को एकत्र कर उसका निपटान किया गया। वृक्षों के चारों ओर ईंट-पत्थरों से घेरे बनाकर उन्हें व्यवस्थित स्वरूप दिया गया।
सड़क किनारे उग आई कंटीली झाड़ियों को भी हटाया गया। उद्यान के जिस हिस्से में स्थिति ऐसी थी कि पैर रखने तक की जगह नहीं थी, वहां स्वयंसेवकों के सामूहिक श्रम से लगभग 10 फीट चौड़ा रास्ता तैयार कर दिया गया। कुछ ही घंटों के श्रमदान ने पूरे परिसर का स्वरूप बदल दिया और लंबे समय से उपेक्षित दिखाई दे रहा क्षेत्र साफ-सुथरा एवं व्यवस्थित नजर आने लगा।

SDM मुनव्वर खान ने की विद्यार्थियों के श्रम की सराहना

इस अवसर पर SDM श्री मुनव्वर खान ने स्वयं उपस्थित होकर विद्यार्थियों द्वारा किए गए श्रमदान की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन या किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। विद्यार्थियों द्वारा स्वयं आगे बढ़कर सार्वजनिक स्थल की सफाई करना समाज के लिए प्रेरणादायी उदाहरण है। उन्होंने कहा कि जब युवा शक्ति सेवा और स्वच्छता जैसे कार्यों से जुड़ती है, तो उसका प्रभाव समाज के व्यापक वर्ग तक पहुंचता है। महाविद्यालय के संचालक डॉ. अवनीश मिश्रा ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में सेवा, संवेदना, जिम्मेदारी और सामाजिक सहभागिता की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वच्छता को जीवन और राष्ट्र निर्माण से जोड़ा था। इसलिए गांधी जयंती के अवसर पर स्वच्छता पखवाड़े की शुरुआत सार्वजनिक स्थल से करना इसी विचार को व्यवहार में उतारने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जब अपने हाथों से श्रमदान करते हैं तो स्वच्छता उनके लिए केवल एक संदेश नहीं रहती, बल्कि वह उनके व्यवहार और जीवन का हिस्सा बनने लगती है।
कार्यक्रम प्रभारी श्री शिवम शर्मा ने कहा कि स्वच्छता को केवल एक दिवस या एक अभियान तक सीमित नहीं किया जा सकता। स्वच्छता वास्तव में प्रतिदिन की आवश्यकता और जीवनशैली का हिस्सा होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों को साफ रखना जितना आवश्यक है, उतना ही जरूरी अपने मन, मस्तिष्क और विचारों को भी स्वच्छ रखना है। उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान करते हुए कहा कि वे स्वयं स्वच्छता अपनाने के साथ अपने परिवार, आसपास के लोगों और समाज को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि आज विद्यार्थियों ने जिस उत्साह और सामूहिक भावना के साथ श्रमदान किया है, वही सेवा संकल्प अभियान की वास्तविक भावना है।

सहयोगी संस्थाओं ने भी निभाई सहभागिता

बीकेपी कॉलेज द्वारा आयोजित इस स्वच्छता अभियान में अजीम प्रेमजी फाउंडेशन एवं कैरियर कॉन्वेंट स्कूल सहयोगी संस्थाओं के रूप में शामिल हुए। अभियान में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं, राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों, शिक्षकों एवं अन्य स्टाफ सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। परिसर में महात्मा गांधी के विचारों एवं दर्शन पर आधारित पोस्टर्स भी डिस्प्ले किये गए। स्वच्छता अभियान के दौरान विद्यार्थियों ने न केवल कचरा हटाया, बल्कि परिसर को व्यवस्थित करने, रास्ता बनाने, वृक्षों के आसपास संरक्षण घेरा तैयार करने और झाड़ियों की सफाई जैसे कार्य भी किए। सामूहिक श्रम के बाद पंचमुखी हनुमान मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र का बदला हुआ स्वरूप अभियान की सार्थकता को स्वयं प्रदर्शित कर रहा था। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि जब सेवा का संकल्प सामूहिक श्रम से जुड़ता है, तो बदलाव केवल दिखाई नहीं देता, बल्कि महसूस भी किया जा सकता है।

इस अवसर पर महाविद्यालय के संचालक डॉ अवनीश मिश्रा, श्रीमती विवेचना मिश्रा, रासेयो कार्यक्रम अधिकारी श्री संतोष तिवारी, नोडल प्रभारी श्री शिवम शर्मा, प्रतिभा पांडे, ऋतिका ठाकुर, धर्मेंद्र लोधी, शिवा प्यासी, सुनील दुबे, माधव नेमा, शनि तिवारी, आशुतोष उपाध्याय, योगेश पाठक, श्रीमती आरती मेहरा, खूशबू मिश्रा, कौशल्या कुर्मी, हेमलता दुबे, ऋतु मिश्रा, कृष्णकांत लोधी एवं समस्त बीकेपी स्टॉफ सहित अजीम प्रेमजी फाउंडेशन तथा कैरियर कॉन्वेंट स्कूल के सदस्य भी उपस्थित रहे।

admin1

admin1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *