नवरात्रि के पावन अवसर पर इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय, भोपाल में 17 अक्टूबर 2026 को ‘विरासत’ समूह द्वारा ‘शक्ति’ नामक विशेष संगीतमय प्रस्तुति प्रस्तुत की जाएगी। दो घंटे की इस प्रस्तुति का संगीत संयोजन राजीव सिंह द्वारा किया गया है। इसमें देवी आराधना, भारतीय भक्ति संगीत, संतवाणी और सूफी संगीत की समृद्ध परंपरा को गायन एवं वादन के माध्यम से अभिव्यक्त किया जाएगा।

प्रस्तुति को नवरात्रि के पावन पर्व को ध्यान में रखते हुए माता के विभिन्न स्वरूपों को प्रतीकात्मक रूप में संगीत के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। कार्यक्रम का आरंभ गणेश स्तुति से होगा, जिसके बाद शिव स्तुति और हरसिद्धि माता की स्तुति प्रस्तुत की जाएगी। इसके अतिरिक्त महिषासुरमर्दिनि स्तोत्रम्, माँ काली की आरती, दुर्गा स्तुति, महाकाल स्तुति, माँ चामुंडा देवी स्तुति, लक्ष्मी माँ स्तुति और सरस्वती स्तुति भी कार्यक्रम का हिस्सा होंगी।

प्रस्तुति का एक प्रमुख आकर्षण ‘संतवाणी से सतवाणी तक का सफर’ होगा। इसके अंतर्गत भारतीय सांस्कृतिक परंपरा से जुड़ी संगीत विरासत को संतों, भक्त कवियों और सूफी रचनाकारों की रचनाओं के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। इसमें मीरा के भजन, कबीर भजन, अमीर खुसरो एवं शाह हुसैन के सूफी कलाम, रागी सिंह जी की रचना तथा श्री गुरु गोविंद सिंह जी के शबद शामिल हैं। इन रचनाओं के माध्यम से भारतीय संगीत की विविध आध्यात्मिक और सांस्कृतिक धाराओं को एक मंच पर प्रस्तुत करने का प्रयास किया जाएगा।

इस प्रस्तुति में राजीव सिंह, अमन मलिक और रोहित वानखेड़े मुख्य गायक के रूप में शामिल होंगे। उनके साथ साबिर खान, आमिर खान, रेहान खान, एम. सोनिक, अज़हर खान और हनीफ हुसैन वाद्ययंत्रों पर संगत करेंगे।

‘विरासत’ समूह के अनुसार, उसका दल देश के अनेक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय महोत्सवों में भागीदारी कर चुका है। ‘शक्ति’ प्रस्तुति के माध्यम से नवरात्रि की भक्ति भावना के साथ भारतीय संगीत, संत परंपरा और सूफी विरासत की विविधता को दर्शकों तक पहुँचाने का प्रयास किया जाएगा।
