विकसित भारत युवा संसद 2027 के लिए आवेदन आमंत्रित

Spread the love

मेरा युवा भारत (माय भारत), भोपाल द्वारा देश के युवाओं को नेतृत्व क्षमता प्रदर्शित करने और राष्ट्रीय विकास में योगदान देने का अवसर प्रदान करते हुए विकसित भारत युवा संसद (VBYP) 2027 के आठवें संस्करण के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। यह आयोजन विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD) 2027 के एक विशेष ट्रैक के रूप में आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य युवाओं को सार्वजनिक मुद्दों से जोड़ना तथा नीति-निर्माण प्रक्रिया में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। इसके लिए आवेदन लिंक माय भारत पोर्टल पर उपलब्ध है। इच्छुक युवा 30 अक्टूबर 2026 तक अपना पंजीकरण करा सकते हैं।

इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए आवेदक की आयु 17 अगस्त 2026 तक 18 से 25 वर्ष के बीच होनी चाहिए। युवा संसद के पिछले संस्करणों के राष्ट्रीय दौर के फाइनलिस्ट इस बार भाग लेने के पात्र नहीं होंगे। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों के साथ गैर-विद्यार्थियों, ग्रामीण युवाओं, महिलाओं और वंचित वर्गों के युवाओं को भी भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

विकसित भारत युवा संसद 2027 का आयोजन तीन चरणों में ऑफलाइन किया जाएगा। प्रथम चरण में 31 अक्टूबर से 10 नवंबर 2026 तक देश के 786 जिलों में जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इसमें प्रतिभागियों को “एक राष्ट्र, एक चुनाव” विषय पर तीन मिनट का भाषण देना होगा। भाषण हिंदी, अंग्रेजी अथवा किसी भी आधिकारिक क्षेत्रीय भाषा में दिया जा सकेगा। विशेषज्ञ निर्णायक मंडल द्वारा प्रत्येक जिले से तीन प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तरीय चरण के लिए किया जाएगा।

द्वितीय चरण में 17 नवंबर से 7 दिसंबर 2026 तक संबंधित राज्य विधानसभाओं में राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। प्रत्येक राज्य और केंद्र शासित प्रदेश से तीन विजेताओं का चयन राष्ट्रीय दौर के लिए किया जाएगा। राष्ट्रीय दौर 9 एवं 10 जनवरी 2027 को नई दिल्ली स्थित संविधान सदन (पुरानी संसद) के केंद्रीय कक्ष में आयोजित होगा, जिसमें 36 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों से चयनित कुल 108 प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। इस दौरान प्रतिभागियों को उद्घाटन सत्र, प्रश्नकाल और लघु चर्चा सत्र जैसी संसदीय गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिलेगा।

राष्ट्रीय दौर के बाद प्रतिभागी 11 एवं 12 जनवरी 2027 को विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग में शामिल होंगे। इस दौरान उन्हें नीति-निर्माताओं एवं गणमान्य व्यक्तियों से संवाद करने के साथ नई संसद और प्रधानमंत्री संग्रहालय का भ्रमण करने का अवसर भी मिलेगा।

प्रतियोगिता में प्रतिभागियों का मूल्यांकन 100 अंकों के आधार पर किया जाएगा। इसमें मौखिक संवाद एवं देहभाषा के लिए 25 अंक, विषय की प्रासंगिकता के लिए 20 अंक, नवाचार एवं रचनात्मकता के लिए 20 अंक, स्पष्टता एवं संरचना के लिए 15 अंक, भाषा एवं प्रवाह के लिए 10 अंक तथा तीन मिनट की समय-सीमा का पालन करने के लिए 10 अंक निर्धारित हैं।

इच्छुक एवं पात्र युवा माय भारत के आधिकारिक पोर्टल https://mybharat.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। पंजीकरण की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर है। यह पहल युवाओं को संसदीय लोकतंत्र की कार्यप्रणाली समझने, अपने विचार प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का अवसर प्रदान करेगी।

admin1

admin1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *