रतलाम मंडल की यात्रियों से अपील — पटाखे, गैस सिलेंडर, पेट्रोल, डीजल और अन्य ज्वलनशील पदार्थ लेकर न करें रेल यात्रा
दीपावली एवं छठ पूजा के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल द्वारा यात्रियों से सुरक्षित रेल यात्रा के लिए विशेष सतर्कता बरतने तथा रेलगाड़ियों एवं स्टेशन परिसर में ज्वलनशील और खतरनाक वस्तुएं लेकर नहीं चलने की अपील की गई है।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मुकेश कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, त्योहारों के दौरान रेल यात्रा करते समय पटाखे, आतिशबाजी के अन्य सामान, गैस सिलेंडर, पेट्रोल, डीजल, केरोसिन, ज्वलनशील तेल, स्पिरिट, थिनर, पेंट में उपयोग होने वाले ज्वलनशील पदार्थ, ज्वलनशील रसायन तथा आग लगने या विस्फोट होने का खतरा पैदा करने वाली अन्य वस्तुएं अपने साथ लेकर न चलें। इन वस्तुओं से आग लगने, विस्फोट होने तथा यात्रियों की जान-माल को गंभीर नुकसान पहुंचने का खतरा रहता है। विशेषकर त्योहारों के दौरान रेलगाड़ियों एवं स्टेशन परिसर में अधिक भीड़ होने के कारण ऐसी लापरवाही गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है।
रेल यात्रा के दौरान निर्धारित सुरक्षा नियमों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध वस्तु अथवा सुरक्षा संबंधी गतिविधि की जानकारी तत्काल रेलवे सुरक्षा बल (RPF) अथवा रेलकर्मियों को दें। यात्री किसी भी परिस्थिति में रेल परिसर में आग जलाने या ज्वलनशील पदार्थों का उपयोग करने से बचें तथा सुरक्षा जांच में रेलवे प्रशासन का सहयोग करें।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल सभी यात्रियों से अपील करता है कि त्योहारों की खुशियां मनाते समय सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। आपकी थोड़ी-सी सतर्कता आगजनी और दुर्घटनाओं को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
सुरक्षित यात्रा करें, जिम्मेदारी निभाएं और दीपावली एवं छठ पूजा का पर्व खुशियों के साथ मनाएं।
