अलीगढ़: भारतीय विनिर्माण तंत्र को सुदृढ़ करने और छोटे एवं मझौले उद्योगों (MSMEs) की क्षमताओं को निखारने के उद्देश्य से गोदरेज एंटरप्राइजेज ग्रुप (GEG) ने भारतीय उद्योग परिसंघ (CII) के साथ मिलकर ‘उड़ान’ नामक एक उद्योग-आधारित आपूर्तिकर्ता क्षमता विकास पहल की शुरुआत की है। इस राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम का पहला केंद्र अलीगढ़ को बनाया गया है, जिसे आने वाले समय में देश के 10 प्रमुख शहरों तक विस्तारित करने की योजना है।
इस पहल के तहत आपूर्तिकर्ता साझेदारों को टोटल प्रोडक्टिव मेंटेनेंस (TPM) की एक व्यवस्थित और संरचित प्रक्रिया से जोड़ा जा रहा है। सीआईआई टीपीएम क्लब ऑफ इंडिया के सहयोग से तैयार किया गया यह समर्पित पाठ्यक्रम एमएसएमई को विशेषज्ञ सलाहकारों की मदद से परिचालन उत्कृष्टता, गुणवत्ता और उत्पादकता में सुधार करने में सक्षम बनाएगा। त्रैमासिक समीक्षाओं और सीआईआई विशेषज्ञों द्वारा फैक्ट्री ऑडिट के माध्यम से प्रगति का आकलन किया जाएगा, और सफल उद्यमियों को गोदरेज तथा सीआईआई द्वारा संयुक्त रूप से सम्मानित किया जाएगा।
इस अवसर पर गोदरेज एंटरप्राइजेज ग्रुप के सिक्योरिटी सॉल्यूशंस बिजनेस के हेड पुष्कर गोखले ने कहा कि ‘विकसित भारत’ के विज़न को साकार करने के लिए आपूर्ति श्रृंखला तंत्र को मजबूत करना बेहद आवश्यक है। कंपनी की 129 वर्षों की यात्रा में राष्ट्र निर्माण हमेशा प्राथमिकता रहा है, और ‘उड़ान’ पहल का लक्ष्य आपूर्तिकर्ताओं को विश्वस्तरीय तकनीकों से लैस कर भारत को वैश्विक विनिर्माण शक्ति बनाना है। वहीं सीआईआई इंस्टीट्यूट ऑफ क्वालिटी के प्रमुख मेजर नील कैस्टेलिनो ने इस पहल को एमएसएमई में दीर्घकालिक क्षमता निर्माण और गुणवत्ता वृद्धि का बेहतरीन उदाहरण बताया।
उल्लेखनीय है कि गोदरेज हार्डवेयर उद्योग में अपने आपूर्ति पारिस्थितिकी तंत्र में संरचित टीपीएम कार्यक्रम लागू करने वाली पहली कंपनी बन गई है। अलीगढ़ में एमएसएमई के निरंतर विकास में योगदान के लिए हाल ही में ‘लघु उद्योग भारती, अलीगढ़’ द्वारा गोदरेज एंटरप्राइजेज ग्रुप को सम्मानित भी किया गया है।
