जनता की परेशानी को लेकर सांसद गणेश सिंह गंभीर, मुख्यमंत्री से लेकर प्रमुख सचिवों तक लगातार संवादसतना। सतना-मैहर लोकसभा क्षेत्र में खराब सड़कों को लेकर आमजन की बढ़ती परेशानी को सांसद गणेश सिंह ने गंभीरता से लिया है। जनता की शिकायतों को केवल सुनने तक सीमित न रखते हुए सांसद लगातार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित संबंधित विभागों के प्रमुख सचिवों और अधिकारियों से सीधे संपर्क कर समाधान की दिशा में प्रयास कर रहे हैं।सांसद ने आज लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव सुखवीर सिंह से चर्चा कर सतना जिले की ओर आने वाली पीडब्ल्यूडी, एनएचपीडब्ल्यूडी, एमपीआरडीसी और एनएचआई की क्षतिग्रस्त सड़कों एवं पुलों की स्थिति से अवगत कराया और शीघ्र मरम्मत का आग्रह किया। प्रमुख सचिव ने जल्द सुधार कार्य कराने का आश्वासन दिया।वहीं सतना शहर की सड़कों को लेकर नगर निगम अधिकारियों के साथ बैठक के बाद कई स्थानों पर काम शुरू हो गया है। गिट्टी बिछाने के बाद अब डामरीकरण का कार्य किया जाएगा।सांसद गणेश सिंह का कहना है कि जनता को होने वाली परेशानी उनकी भी चिंता है। सतना-मैहर लोकसभा की सड़कों के सुधार के लिए वे लगातार मुख्यमंत्री और विभागीय अधिकारियों के संपर्क में हैं, ताकि आमजन को जल्द राहत मिल सके।
