विवेकानंद चौराहे पर उमड़ा जनसैलाब, बंडा शराब कांड पर आधारित प्रस्तुति ने दिखाई नशे की भयावह तस्वीर
देवरीकला-: नशे के खिलाफ जागरूकता की अलख जगाने के लिए पं. बृजकिशोर पटेरिया शिक्षा महाविद्यालय, देवरी के विद्यार्थी शनिवार को सड़क पर उतरे। सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत विद्यार्थियों ने विवेकानंद चौराहे पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशा मुक्ति का प्रभावशाली संदेश दिया। विद्यार्थियों ने सड़क को ही मंच बनाया और अपने जीवंत अभिनय, संवाद एवं भावपूर्ण प्रस्तुति से नशे के दुष्परिणामों तथा उससे उजड़ते परिवारों की पीड़ा को लोगों के सामने साकार कर दिया।
नुक्कड़ नाटक का मुख्य कथानक बंडा शराब कांड से प्रेरित था। प्रस्तुति में दिखाया गया कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि उसके प्रभाव की चपेट में पूरा परिवार और समाज आ जाता है। विद्यार्थियों ने अपने अभिनय के माध्यम से नशे की उस भयावह तस्वीर को सामने रखा, जिसमें एक व्यक्ति की नशे की लत परिवार के सुख-चैन, रिश्तों और भविष्य तक को प्रभावित कर देती है।
नाटक के संवाद और दृश्यों ने दर्शकों को बांधे रखा। जैसे-जैसे प्रस्तुति आगे बढ़ी, राहगीर रुकते गए और देखते ही देखते विवेकानंद चौराहा दर्शकों से भर गया। सैकड़ों लोगों ने पूरे ध्यान और गंभीरता के साथ नुक्कड़ नाटक देखा। अनेक लोगों ने अपने मोबाइल फोन से प्रस्तुति के वीडियो और फोटो भी बनाए। नाटक समाप्त होने के बाद दर्शकों ने विद्यार्थियों के अभिनय, प्रस्तुति और सामाजिक संदेश की जमकर सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
प्रस्तुति का समापन “होगी बड़ी खराबी…” गीत के साथ हुआ, जिसने नशे के विरुद्ध दिए गए संदेश को और प्रभावशाली बना दिया। विद्यार्थियों ने लोगों से नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार और समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
नाटक में सांत्वना पांडेय, खुशी पटेल, चंचला ठाकुर, महक सोनी, निहारिका राजपूत, भावना, आरुषि, निशि ठाकुर, चांदनी गौंड, प्रियाशा, रमाकांत सेन सहित विद्यार्थियों ने विभिन्न भूमिकाएं निभाईं।
इस अवसर पर महाविद्यालय के संचालक डॉ. अवनीश मिश्रा ने कहा कि “सेवा संकल्प अभियान केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने और उसे व्यवहार में उतारने का अवसर है। शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य तभी सार्थक होता है, जब विद्यार्थी अपने ज्ञान और ऊर्जा को समाज की सकारात्मक दिशा में लगाएं। नशा मुक्ति जैसे विषय पर विद्यार्थियों का सड़क पर उतरकर जनजागरूकता का संदेश देना इसी सामाजिक दायित्व का जीवंत उदाहरण है।”
उन्होंने विद्यार्थियों की रचनात्मक पहल की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं की जागरूकता और सक्रिय भागीदारी से ही स्वस्थ, जागरूक एवं नशामुक्त समाज की मजबूत नींव रखी जा सकती है।
उल्लेखनीय है कि पं. बृजकिशोर पटेरिया शिक्षा महाविद्यालय, देवरी में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक “सेवा संकल्प अभियान-2026” आयोजित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों की सहभागिता से सामाजिक जागरूकता, रचनात्मकता, जनसेवा एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
कार्यक्रम में श्री संतोष तिवारी, कार्यक्रम प्रभारी श्री शिवम शर्मा, शिवा प्यासी, आशुतोष उपाध्याय, माधव नेमा, सुनील दुबे, कृष्णकांत लोधी, धर्मेंद्र लोधी, बुशरा खान, ऋतिका ठाकुर, सत्यवती विश्वकर्मा, प्रियांशी लोधी, हेमलता दुबे, ऋतु मिश्रा, योगेश पाठक सहित महाविद्यालय स्टॉफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
