मुंबई: मोबाइल-फर्स्ट और शॉर्ट सीरियल कंटेंट की बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए दूरसंचार सेवा प्रदाता ‘वी’ (Vi) के कंटेंट एग्रीगेटर प्लेटफॉर्म, वी मुवीज़ एंड टीवी ने माइक्रोड्रामा कैटेगरी में कदम रखा है। इस पहल के तहत वी ने बुलेट माइक्रोड्रामा ऐप के साथ साझेदारी की है, जिससे उपयोगकर्ता अब इस ऐप के माध्यम से माइक्रोड्रामा कंटेंट को मुफ्त में एक्सेस कर सकेंगे। यह कदम वी के फ्री कंटेंट पोर्टफोलियो को मजबूत करने और उपभोक्ताओं को एक ही स्थान पर विविध मनोरंजन विकल्प प्रदान करने की रणनीति का हिस्सा है।
भारत में माइक्रोड्रामा की मांग तेजी से बढ़ रही है, जहाँ 2025 की पहली तिमाही में वैश्विक डाउनलोड में भारत की हिस्सेदारी 11 फीसदी (लगभग 35 मिलियन) दर्ज की गई। बाजार विशेषज्ञों का अनुमान है कि भारत में माइक्रोड्रामा मार्केट 2026 तक 1.5 बिलियन डॉलर और 2030 तक 4.5 बिलियन डॉलर तक पहुंच सकता है। इस श्रेणी की सफलता में टियर 2 और टियर 3 शहरों के युवाओं और कंटेंट देखने की बदलती आदतों का बड़ा योगदान है, जहाँ रोजाना औसत वॉचटाइम 40-90 मिनट और कम्प्लीशन रेट 90 फीसदी से अधिक है।
वी मुवीज़ एंड टीवी पर उपलब्ध माइक्रोड्रामा कैटलॉग में रोमांस, ड्रामा, थ्रिलर और कॉमेडी जैसी श्रेणियों के बहुभाषी टाइटल्स शामिल हैं। इनमें प्रमुख रूप से ‘रिक्शॉ रोमियो’ (हिंदी और अंग्रेजी), ‘ऑटोराजा’ (तेलुगु, कन्नड़, हिंदी और अंग्रेजी), और ‘लेडी बॉस’ (तमिल, तेलुगु, मलयालम और अंग्रेजी) जैसे शो शामिल हैं जो विभिन्न क्षेत्रीय दर्शकों की पसंद को पूरा करते हैं। इस एकीकरण के साथ, वी के ग्राहक अब बिना किसी अतिरिक्त सब्सक्रिप्शन के जियो हॉटस्टार, सोनीलिव, ज़ी5 और एमज़ॉन एमएक्स प्लेयर जैसे 20 से अधिक ओटीटी प्लेटफॉर्म और 400 से अधिक लाइव टीवी चैनलों के फ्री एवं प्रीमियम कंटेंट का आनंद ले सकते हैं।
