मुंबई : भारतीय सिनेमा के सबसे प्रतिष्ठित और बहुप्रतीक्षित समारोहों में से एक, ‘चेतक स्क्रीन अवार्ड्स 2026’ के सीधे प्रसारण की तारीख का आधिकारिक ऐलान हो गया है। आगामी 5 अप्रैल को रात 8 बजे से दुनिया भर के दर्शक इस भव्य समारोह को YouTube, Sony Entertainment Television और Sony LIV पर लाइव देख सकेंगे। सिनेमाई उत्कृष्टता को समर्पित यह अवार्ड शो इस बार अपनी ‘डिजिटल-फर्स्ट’ और मल्टी-प्लेटफॉर्म रणनीति के साथ दर्शकों को हर स्क्रीन पर लाइव रोमांच का अनुभव कराएगा।
इस वर्ष के आयोजन की गरिमा बढ़ाने के लिए देश के कई दिग्गज ब्रांड्स ने हाथ मिलाया है। मुख्य प्रायोजक के रूप में ‘चेतक’ (बजाज ऑटो) इस यात्रा का नेतृत्व कर रहा है, जो अपनी विरासत और आधुनिक इलेक्ट्रिक क्रांति के संगम का प्रतीक है। बजाज ऑटो के कार्यकारी निदेशक राकेश शर्मा ने कहा कि स्क्रीन अवार्ड्स जैसे सांस्कृतिक रूप से प्रासंगिक मंच के साथ जुड़ना उनके लिए गौरव की बात है। साथ ही, युवा पीढ़ी के बीच अपनी पैठ मजबूत करने के लिए ‘कैंपा’ (Campa) और ‘ज़िम्मेदार जश्न’ की सोच के साथ ‘डियाजियो’ (Diageo) भी इस सफर में शामिल हुए हैं। डियाजियो इंडिया की आनंदिता दत्ता ने बताया कि ‘हाउस ऑफ मैकडॉवेल्स सोडा’ और बॉलीवुड का रिश्ता ‘यारी’ के साझा जज्बे को परिभाषित करता है।
कला और शुद्धता के संगम के रूप में सेंको गोल्ड एंड डायमंड्स इस समारोह का हिस्सा बना है। सेंको के एमडी सुवांकर सेन और मार्केटिंग हेड जोइता सेन ने सिनेमा और आभूषण निर्माण के बीच की बारीक कारीगरी और चमक को इस साझेदारी का आधार बताया। इसके अलावा, अदाणी एयरपोर्ट्स ‘डिजिटल OOH’ पार्टनर के रूप में देश के प्रमुख हवाई अड्डों पर शो का व्यापक प्रचार करेगा, जबकि ‘द अवार्ड गैलरी’ इस साल की सिग्नेचर ट्रॉफियों को नया स्वरूप प्रदान करेगी।
यूट्यूब की कंट्री मैनेजिंग डायरेक्टर गुंजन सोनी और सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया के नचिकेत पंतवैद्य ने इस साझेदारी को डिजिटल युग में सिनेमाई परंपरा को आधुनिक बनाने का एक सशक्त माध्यम बताया। द इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के कार्यकारी निदेशक अनंत गोएंका ने जोर देकर कहा कि ‘स्क्रीन एकेडमी’ की कठोर चयन प्रक्रिया और विश्वसनीयता ही इन पुरस्कारों को विशिष्ट बनाती है। उन्होंने कहा कि मल्टी-प्लेटफॉर्म वितरण के जरिए हमारा लक्ष्य सिनेमा की शुद्ध प्रतिभा को करोड़ों लोगों तक उनकी पसंद के तरीके से पहुँचाना है। सिनेमा के इस महाकुंभ का सीधा प्रसारण देखना न भूलें, 5 अप्रैल रात 8 बजे।
