सागर/देवरीकला-: नगर में चरमराई प्रकाश व्यवस्था और बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष नेहा अलकेश जैन ने कड़ा रुख अपनाया है। नागरिकों की बढ़ती शिकायतों और रात के समय हो रही परेशानियों को देखते हुए अध्यक्ष ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को एक पत्र लिखकर तत्काल सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए हैं।
वार्डों में पसरा अंधेरा, नागरिकों में बढ़ता रोष-
नगर पालिका अध्यक्ष नेहा जैन ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि नगर के विभिन्न वार्डों में कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से बंद पड़ी हैं। इसके कारण रात के समय गलियों और मुख्य मार्गों पर गहरा अंधेरा छाया रहता है। अंधेरे का फायदा उठाकर असामाजिक तत्वों का भय तो रहता ही है, साथ ही राहगीरों और स्थानीय निवासियों को आवागमन में भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
आवारा पशुओं और जहरीले जीवों का बना खतरा-
पत्र में अध्यक्ष ने सुरक्षा व्यवस्था पर चिंता जताते हुए कहा कि प्रकाश व्यवस्था ठप होने के कारण सड़कों पर विचरण करने वाले आवारा पशुओं से दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है। इसके साथ ही, अंधेरे के कारण जहरीले जीवों (सांप-बिच्छू आदि) के काटने का खतरा भी बना रहता है, जिससे नगरवासी भयभीत हैं।
तत्काल सुधार के दिए निर्देश-
अध्यक्ष जैन ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को निर्देशित किया है कि:
नगर के समस्त स्ट्रीट लाइट पोल का तत्काल सर्वे कराया जाए।जहाँ भी लाइटें बंद हैं या खराब हैं, उन्हें अविलंब सुधारा जाए। पूरे नगर में प्रकाश व्यवस्था बहाल कर की कार्यवाही से अध्यक्ष कार्यालय को सूचित किया जाए।
कलेक्टर और अनुविभागीय अधिकारी को भी भेजी प्रतिलिपि
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर पालिका अध्यक्ष ने पत्र की प्रतिलिपि जिला कलेक्टर (सागर) और अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) देवरी को भी भेजी है, ताकि प्रशासन की निगरानी में इस समस्या का त्वरित निराकरण हो सके।
