वर्षा पूर्व तैयारियों को लेकर देवरी नगर पालिका अध्यक्ष सख्त; CMO को पत्र लिख दिए जल-निकासी और सफाई के कड़े निर्देश

Spread the love

सागर/देवरीकला -:आगामी मानसून और वर्षा काल को देखते हुए नगर पालिका परिषद देवरी की अध्यक्ष नेहा अलकेश जैन ने नगर की जल-निकासी व्यवस्था को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। अध्यक्ष ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को पत्र लिखकर निर्देशित किया है कि भारी बारिश के दौरान नगर में जल-भराव की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए तैयारी सुनिश्चित की जाए।

संवेदनशील वार्डों और नदियों पर विशेष नजर-
अध्यक्ष महोदय ने अपने पत्र में स्पष्ट किया है कि नगर के कई वार्डों जैसे पटैल वार्ड, महाकाली वार्ड, कौशल किशोर वार्ड, जवाहर वार्ड, अम्बेडकर वार्ड, झुनकू वार्ड, तिलक वार्ड, लक्ष्मी वार्ड और सुभाष वार्ड के कई हिस्सों में पूर्व में जल-भराव की गंभीर स्थिति निर्मित होती रही है। उन्होंने इन क्षेत्रों का तुरंत निरीक्षण कर समय रहते आवश्यक कदम उठाने को कहा है ताकि नागरिकों को जल-भराव की समस्या से न जूझना पड़े।
नदियों के बढ़ते जलस्तर पर निगरानी के निर्देश-
देवरी नगर के बीच से गुजरने वाली सुखचैन और झुनकू नदी को लेकर भी विशेष चिंता व्यक्त की गई है। अध्यक्ष ने निर्देश दिए हैं कि नदियों के किनारे स्थित रिहायशी इलाकों में जलस्तर की सतत मॉनिटरिंग की व्यवस्था की जाए।
नदी पर बने छोटे पुलों और रिपटों पर बाढ़ के दौरान आवागमन रोकने हेतु सूचना बोर्ड लगाए जाएं ताकि कोई अप्रिय दुर्घटना न हो।और पुलों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि रात के समय खतरा न रहे
नालियों की सफाई और अवरोध हटाना प्राथमिकता-
पत्र में उल्लेख किया गया है कि नगर की नालियों के चोक होने की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। अध्यक्ष जैन ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को निर्देश दिए है कि मानसून सक्रिय होने से पहले सभी बड़ी और छोटी नालियों की सघन सफाई कराई जाए। जल प्रवाह में बाधा बनने वाले अतिक्रमणों और मलबे को तुरंत हटाया जाए ताकि बारिश का पानी ओवरफ्लो होकर सड़कों और घरों में न घुसे।
किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी –
नगर पालिका अध्यक्ष ने विषय की गंभीरता और अनिवार्यता पर जोर देते हुए कहा कि प्रदेश के अन्य शहरों में हो रही जल-भराव की समस्याओं को देखते हुए हमें पहले से ही सावधान रहना होगा। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया है कि इन सभी बिंदुओं पर की गई कार्रवाई से उन्हें तत्काल अवगत कराया जाए।

“नगरवासियों की सुरक्षा और सुविधा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। वर्षा काल में किसी भी नागरिक को परेशानी न हो, इसके लिए हर जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए गए है”
नेहा अलकेश जैन, अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद देवरी

admin1

admin1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *