एसपी आशुतोष बागरी ने कोतवाली थाने में किया नई व्यवस्था का शुभारंभ
बुरहानपुर पुलिस ने फरियादियों की सुनवाई को आसान बनाने के लिए एक नई पहल शुरू की है। अब थाने में सुनवाई नहीं होने पर फरियादी QR कोड स्कैन कर सीधे अपनी शिकायत एसपी तक पहुंचा सकेगा। जिले के सभी थानों और चौकियों में लगाए गए इस QR कोड को स्कैन करते ही एक गूगल फॉर्म खुलेगा, जिसमें शिकायत दर्ज करते ही मैसेज रियल टाइम में एसपी, एएसपी, सीएसपी, थाना प्रभारी और कंट्रोल रूम तक पहुंच जाएगा। शिकायत मिलते ही कंट्रोल रूम द्वारा तत्काल फरियादी से संपर्क किया जाएगा। एसपी आशुतोष बागरी ने कोतवाली थाने में इस नई व्यवस्था का शुभारंभ किया। इस दौरान व्यवस्था का डेमो भी प्रस्तुत किया गया। एसपी आशुतोष बागरी ने समाजसेवी तफज्जुल हुसैन मुलायम वाला को फरियादी बनाकर QR कोड स्कैन करवाया और शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत दर्ज होते ही मैसेज सीधे एसपी सहित संबंधित अधिकारियों तक पहुंच गया। इसके बाद एसपी आशुतोष बागरी ने स्वयं फरियादी तफज्जुल हुसैन मुलायम वाला को कॉल कर बातचीत की। पुलिस द्वारा इस डेमो के माध्यम से बताया गया कि शिकायत मिलते ही तत्काल कार्रवाई और संपर्क की प्रक्रिया किस तरह काम करेगी। पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी ने कहा कि इस व्यवस्था का उद्देश्य पुलिसिंग को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और नागरिक केंद्रित बनाना है। समाजसेवी तफज्जुल हुसैन मुलायम वाला ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि बुरहानपुर पुलिस द्वारा शुरू की गई यह व्यवस्था आम लोगों के लिए काफी उपयोगी साबित होगी। अब QR कोड के माध्यम से शिकायत सीधे वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचेगी, जिससे लोगों को तुरंत राहत मिलेगी। उन्होंने इसे पुलिस की पारदर्शी और जनहितैषी पहल बताते हुए कहा कि इससे आमजन का पुलिस पर विश्वास और मजबूत होगा।
