देवरीकलां। मानसून की पहली बारिश के साथ ही नगर की जल निकासी व्यवस्था की पोल खुल गई है। पुरानी नगरपालिका चौराहा स्थित खंडेराव वार्ड में मामूली बारिश के बाद ही सड़कें जलमग्न हो गईं, जिससे क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थिति यह है कि वार्ड की मुख्य सड़क पर घुटनों तक गंदा पानी जमा हो गया है। स्थानीय निवासी बंटी विश्वकर्मा ने बताया कि नालियों की नियमित सफाई नहीं होने के कारण वे पूरी तरह चोक हो चुकी हैं, जिससे बारिश का पानी सड़कों पर भर रहा है।
जलभराव के कारण राहगीरों, स्कूली बच्चों और वाहन चालकों को आवाजाही में कठिनाई हो रही है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि हर वर्ष बरसात के मौसम में यही स्थिति बनती है, लेकिन समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया जाता।
क्षेत्रवासियों ने नगर पालिका प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि शिकायतों के बाद भी केवल आश्वासन मिलता है। वहीं गंदे पानी के लंबे समय तक जमा रहने से संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका भी बढ़ गई है।
नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन से तत्काल नालियों की सफाई कराने और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है, ताकि लोगों को इस समस्या से राहत मिल सके।
