एक्सिस बैंक और गोस्पोर्ट्स फाउंडेशन की नई पहल, बेंगलुरु में बनेगा ‘द परफॉर्मेंस इंस्टीट्यूट’

Spread the love

खेल विज्ञान, रिसर्च, डेटा एनालिटिक्स और विशेषज्ञों के विकास के जरिए भारतीय खेल इकोसिस्टम को नई मजबूती मिलेगी

मुंबई: भारत के अग्रणी निजी क्षेत्र के बैंकों में शामिल एक्सिस बैंक ने गोस्पोर्ट्स फाउंडेशन के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस साझेदारी के तहत बेंगलुरु में ‘एक्सिस बैंक–गोस्पोर्ट्स फाउंडेशन द परफॉर्मेंस इंस्टीट्यूट’ (एजीटीपीआई) की स्थापना की जाएगी। यह अपनी तरह की एक अनूठी पहल है, जिसका उद्देश्य खेल विज्ञान, अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देकर भारत की खेल क्षमताओं को मजबूत करना तथा भारतीय खेलों के दीर्घकालिक विकास को गति देना है।

एजीटीपीआई का संचालन बेंगलुरु स्थित अत्याधुनिक सेंटर फॉर स्पोर्ट्स एक्सीलेंस (सीएसई) से किया जाएगा। यह संस्थान खिलाड़ियों के प्रदर्शन को बेहतर बनाने, नई प्रतिभाओं की पहचान करने, खेल विज्ञान और खेल चिकित्सा के क्षेत्र में भारत की विशेषज्ञता को मजबूत करने तथा भारतीय खिलाड़ियों से जुड़े डेटा एनालिटिक्स और अनुसंधान को बढ़ावा देने पर काम करेगा।

इस पहल में संस्थापक भागीदार के रूप में एक्सिस बैंक अपने सीएसआर फंड के माध्यम से संस्थान की स्थापना और विकास में सहयोग देगा, जबकि गोस्पोर्ट्स फाउंडेशन इसके संचालन, विभिन्न कार्यक्रमों के क्रियान्वयन और रणनीतिक साझेदारियों की जिम्मेदारी संभालेगा।

एजीटीपीआई का ढांचा तीन प्रमुख स्तंभों—पीपल (मानव संसाधन), एनालिटिक्स और रिसर्च—पर आधारित होगा।

पीपल (मानव संसाधन): यह स्तंभ खेल विज्ञान और एथलीट परफॉर्मेंस से जुड़े विशेषज्ञों को तैयार करने पर केंद्रित होगा। इसके तहत ट्रेनिंग प्रोग्राम, फेलोशिप, मेंटरशिप और प्रोफेशनल डेवलपमेंट जैसी पहलें चलाई जाएंगी। इसका उद्देश्य खेल महासंघों, अकादमियों और हाई-परफॉर्मेंस सेंटर्स के लिए प्रशिक्षित और योग्य विशेषज्ञों का मजबूत आधार तैयार करना है।

एनालिटिक्स (डेटा विश्लेषण): इसके तहत खिलाड़ियों की टेस्टिंग और मूल्यांकन के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इनमें परफॉर्मेंस टेस्टिंग, बायोमैकेनिक्स विश्लेषण, रिकवरी मॉनिटरिंग, चोट के जोखिम का आकलन और डेटा के आधार पर परफॉर्मेंस प्लानिंग जैसी सेवाएं शामिल होंगी। साथ ही, संस्थान विभिन्न खेलों और आयु वर्गों के भारतीय खिलाड़ियों से जुड़े प्रदर्शन संबंधी डेटा का एक व्यापक डेटाबेस तैयार करने में भी योगदान देगा।

रिसर्च (अनुसंधान): यह व्यावहारिक अनुसंधान, नवाचार, उद्योगों और विश्वविद्यालयों के साथ सहयोग तथा ज्ञान के आदान-प्रदान के माध्यम से भारत में खेल विज्ञान के क्षेत्र में स्वदेशी ज्ञान और विशेषज्ञता को विकसित करने पर केंद्रित होगा। इसका उद्देश्य ऐसे प्रमाण-आधारित समाधान तैयार करना है, जो खिलाड़ियों के प्रदर्शन को बेहतर बनाने के साथ-साथ देश में खेल विज्ञान के समग्र विकास को भी गति दें।

एक्सिस बैंक के ग्रुप हेड–होलसेल बैंक कवरेज, कॉर्पोरेट सैलरी, सस्टेनेबिलिटी एवं सीएसआर, विजय मुलबागल ने कहा, “भारतीय खेल आज एक ऐसे दौर में हैं, जहां वैश्विक स्तर पर लगातार बेहतर प्रदर्शन करने के लिए केवल प्रतिभा और प्रशिक्षण ही पर्याप्त नहीं हैं। इसके लिए देश में खेल विज्ञान और खेल चिकित्सा की मजबूत व्यवस्था भी उतनी ही जरूरी है। आज भारत खेलों में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है, लेकिन प्रदर्शन से जुड़े डेटा और मानकों के लिए हमें अब भी काफी हद तक विदेशी संसाधनों पर निर्भर रहना पड़ता है, जो हमेशा भारतीय खिलाड़ियों की जरूरतों और परिस्थितियों के अनुरूप नहीं होते। हमें गोस्पोर्ट्स फाउंडेशन के साथ इस पहल का हिस्सा बनकर खुशी है। हमारा उद्देश्य एक ऐसा संस्थान तैयार करना है, जो डेटा, अनुसंधान, विश्लेषण और विशेषज्ञता को एक मंच पर लाकर भारत में खेल विज्ञान के लिए एक मजबूत और आत्मनिर्भर इकोसिस्टम विकसित करने में अहम भूमिका निभाए।”

गोस्पोर्ट्स फाउंडेशन के मैनेजिंग ट्रस्टी, नंदन कामथ ने कहा, “यह साझेदारी हमारी उस साझा सोच को दर्शाती है कि खेलों में लगातार सफलता मजबूत नींव पर ही टिकी होती है। बेहतरीन खिलाड़ी हमेशा मजबूत व्यवस्था से तैयार होते हैं, और ऐसी व्यवस्था लोगों की विशेषज्ञता, ज्ञान और निरंतर नवाचार से बनती है। हमारा लक्ष्य मिलकर भारतीय खेलों के लिए ऐसा भविष्य तैयार करना है, जो पहले से कहीं अधिक तेज़, मजबूत और सक्षम हो।”

गोस्पोर्ट्स फाउंडेशन के सीईओ, सौगतो बनर्जी ने कहा, “भारतीय खेल इकोसिस्टम को मजबूत बनाने के हमारे प्रयासों और भविष्य के विज़न पर भरोसा जताने के लिए हम एक्सिस बैंक के आभारी हैं। हमें उम्मीद है कि ‘द परफॉर्मेंस इंस्टीट्यूट’ के तहत शुरू होने वाली पहलें भारतीय खिलाड़ियों की वास्तविक क्षमता को निखारने में अहम भूमिका निभाएंगी और प्रतिभा को खेलों में शुरुआती भागीदारी से लेकर अंतरराष्ट्रीय पोडियम तक पहुंचने का मजबूत आधार देंगी।”

सेंटर फॉर स्पोर्ट्स एक्सीलेंस (सीएसई) के फाउंडर और प्रमोटर, विवेक कुमार ने कहा, “सीएसई की स्थापना इस सोच के साथ की गई थी कि हर खिलाड़ी को ऐसा माहौल मिले, जहां वह अपनी पूरी क्षमता के साथ आगे बढ़ सके। एजीटीपीआई टेस्टिंग और रिसर्च की विश्वस्तरीय सुविधाओं के जरिए इस व्यवस्था को और मजबूत बनाएगा। हमें खुशी है कि एक्सिस बैंक और गोस्पोर्ट्स फाउंडेशन ने इस संस्थान के लिए सीएसई को चुना।”

यह साझेदारी दीर्घकालिक संस्थागत सहयोग, विशेषज्ञता और भारत में एक मजबूत खेल विज्ञान इकोसिस्टम विकसित करने के साझा संकल्प को एक साथ लेकर आगे बढ़ रही है। इसका उद्देश्य खिलाड़ियों के विकास, उनके प्रदर्शन को बेहतर बनाने और देश में खेल विज्ञान की मजबूत नींव तैयार करने में महत्वपूर्ण योगदान देना है।

admin1

admin1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *