किसानों की समस्याओं पर भारतीय किसान संघ का मुख्यमंत्री को ज्ञापन

Spread the love

सड़क-तालाब निर्माण, मूंग-उड़द की 100% समर्थन मूल्य खरीदी और लंबित भुगतान की मांग

देवरी कला -:भारतीय किसान संघ ने किसानों एवं ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री के नाम दो अलग-अलग ज्ञापन अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) के माध्यम से सौंपे। ज्ञापनों में सड़क निर्माण, तालाब निर्माण, ग्रीष्मकालीन मूंग-उड़द की समर्थन मूल्य खरीदी की मात्रा बढ़ाने, लंबित भुगतान, गिरदावरी अनियमितताओं और उपार्जन केंद्रों में भ्रष्टाचार रोकने की प्रमुख मांगें उठाई गई हैं।
पहला ज्ञापन – विकास कार्यों पर जोर
पहले ज्ञापन में किसान संघ ने ग्राम पंचायत चरगुवा के चौंदावारा टोला स्थित केरभरका-उमरभरका क्षेत्र में कम लागत से बड़ा तालाब निर्माण कराने की मांग की है। ज्ञापन में बताया गया कि क्षेत्र तीन ओर पहाड़ियों और एक ओर प्राकृतिक नाले से घिरा होने के कारण यहां कम खर्च में बड़ा तालाब बनाया जा सकता है, जिससे सिंचाई और जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।
इसके साथ ही चौंदावारा टोला की जर्जर सड़क के शीघ्र निर्माण की मांग भी की गई। संघ ने कहा कि बरसात में कई जगह सड़क बह जाने से लोगों का आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। भटार टोला से शासकीय स्कूल चरगुवा तक पक्की सड़क बनाने की मांग करते हुए कहा गया कि कच्चे रास्ते के कारण स्कूली बच्चों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
दूसरा ज्ञापन – खरीदी और भुगतान पर फोकस
दूसरे ज्ञापन में भारतीय किसान संघ ने ग्रीष्मकालीन मूंग एवं उड़द की समर्थन मूल्य खरीदी की वर्तमान 25 प्रतिशत सीमा को बढ़ाकर 100 प्रतिशत करने की मांग की है। साथ ही गिरदावरी में हुई अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने की भी मांग रखी गई।
ज्ञापन में शाहगढ़ तहसील के हीरापुर उपार्जन केंद्र का विशेष उल्लेख किया गया। किसान संघ का आरोप है कि महाकाली महिला स्व-सहायता समूह के माध्यम से खरीदी में करीब 25 किसानों का भुगतान दो माह बाद भी लंबित पड़ा है। संगठन ने मामले की तत्काल जांच कर किसानों का भुगतान सुनिश्चित करने और दोषी संस्था के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
भ्रष्टाचार का आरोप
भारतीय किसान संघ ने जिले के विभिन्न समर्थन मूल्य उपार्जन केंद्रों पर चना, मसूर, मूंग, धान सहित अन्य फसलों की खरीदी के दौरान किसानों से अवैध वसूली का आरोप लगाया है। संगठन ने ऐसे मामलों पर सख्त कार्रवाई कर भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने की मांग की है।
आंदोलन की चेतावनी
किसान संघ ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि इन समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो संगठन आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।
ज्ञापन सौंपने वालों में राजेंद्र सोनी (जिला युवा प्रमुख), मेहरबान सिंह (संभाग उपाध्यक्ष), देवी सिंह, रघुराज सिंह तोमर, गोपाल, मुन्ना पटेल, हरिशंकर सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं पुरुष मौजूद रहे।

admin1

admin1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *