भोपाल में कल होगा लेजर एवं एस्थेटिक डर्मेटोलॉजी समिट, 200 से अधिक चर्म रोग विशेषज्ञ होंगे शामिल

Spread the love

भोपाल : इंडियन एसोसिएशन ऑफ डर्मेटोलॉजिस्ट्स, वेनेरियोलॉजिस्ट्स एंड लेप्रोलॉजिस्ट्स (आईएडीवीएल) तथा भोपाल डर्मेटोलॉजी सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में रविवार, 19 जुलाई 2026 को शहर में “भोपाल लेजर एवं एस्थेटिक डर्मेटोलॉजी समिट” का आयोजन किया जाएगा। इस एक दिवसीय वैज्ञानिक सम्मेलन में मध्य प्रदेश सहित मध्य भारत के विभिन्न शहरों से 200 से अधिक चर्म रोग विशेषज्ञ भाग लेंगे।

आयोजन समिति के कॉन्फ्रेंस प्रेसिडेंट डॉ. नीरज राय, ऑर्गेनाइजिंग चेयरपर्सन एवं आईएडीवीएल मध्यप्रदेश के अध्यक्ष डॉ. नितिन पंड्या तथा ऑर्गेनाइजिंग को-चेयरपर्सन डॉ. अनिमेष सक्सेना ने बताया कि सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य चर्म रोगों के उपचार में अत्याधुनिक लेजर तकनीकों के प्रभावी उपयोग पर विशेषज्ञों के बीच विचार-विमर्श करना तथा युवा त्वचा रोग विशेषज्ञों को आधुनिक लेजर एवं एस्थेटिक प्रक्रियाओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है।

उन्होंने बताया कि सम्मेलन में देश के प्रसिद्ध चर्म रोग विशेषज्ञ एवं मास्टर ट्रेनर डॉ. अविटस जॉन विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। उनके मार्गदर्शन में प्रतिभागियों को नवीनतम लेजर तकनीकों, त्वचा पुनर्जीवन (स्किन रीजुवनेशन), मुंहासों के दाग, पिग्मेंटेशन, लेजर हेयर रिडक्शन तथा सुरक्षित उपचार पद्धतियों पर व्याख्यान एवं लाइव डेमोंस्ट्रेशन के माध्यम से प्रशिक्षण दिया जाएगा।

सम्मेलन के दौरान विशेषज्ञों के बीच जटिल रोगों के उपचार, नवीन शोध, क्लीनिकल अनुभवों तथा लेजर डर्मेटोलॉजी के क्षेत्र में हो रहे नवीनतम विकास पर भी विस्तृत चर्चा होगी। आयोजकों के अनुसार यह समिट प्रदेश के चर्म रोग विशेषज्ञों के लिए ज्ञानवर्धन, कौशल विकास और आपसी अनुभव साझा करने का महत्वपूर्ण मंच साबित होगी।

admin1

admin1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *