भोपाल। बहुजन समाज पार्टी की सुप्रीमो मायावती ने जियालाल अहिरवार को मध्य प्रदेश में पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने के बाद जियालाल अहिरवार भोपाल स्थित बहुजन समाज पार्टी कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने विधिवत पदभार ग्रहण किया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया और नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। पदभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए जियालाल अहिरवार ने कहा कि पार्टी सुप्रीमो मायावती ने उन पर जो भरोसा जताया है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में बहुजन समाज पार्टी को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे। प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार की जनविरोधी नीतियों का खुलकर विरोध करने की बात कही और संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में बहुजन समाज पार्टी की आवाज को और बुलंद करेंगे। जियालाल अहिरवार के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में भी उत्साह देखने को मिला।।
