भोपाल। सीहोर जिले के श्यामपुर तहसील के ग्राम बड़वेली निवासी किसान सतीश मेवाड़ा विद्युत करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। न्याय की मांग को लेकर मंगलवार को उनके पिता प्रहलाद सिंह मेवाड़ा घायल बेटे को हाथ ठेले पर लेकर भोपाल संभागायुक्त कार्यालय पहुंचे।
पीड़ित परिवार और किसानों ने डिप्टी कमिश्नर भारती देवी मिश्रा को ज्ञापन सौंपकर मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग की। अधिकारियों ने महिला आयोग के निर्देश के अनुसार अपने स्तर पर जांच दल गठित कर जांच कराने का आश्वासन दिया।
परिवार और किसानों का आरोप है कि दो माह से लगातार न्याय की गुहार लगाने के बावजूद उन्हें राहत नहीं मिली है। उनकी मांग है कि जिम्मेदार विद्युत अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए, घायल किसान को 25 लाख रुपये मुआवजा और सरकारी नौकरी दी जाए।
पीड़ित किसान के पिता ने चेतावनी दी कि यदि भोपाल से भी न्याय नहीं मिला तो वे अपने घायल बेटे को इसी हाथ ठेले पर लेकर दिल्ली जाएंगे और जंतर-मंतर होते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से न्याय की गुहार लगाएंगे। किसानों ने मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन और धरना-प्रदर्शन तेज करने की भी चेतावनी दी है।
