कृषि उपज मंडी परिसर में एक ही स्थान पर होगा नागरिकों की समस्याओं का निराकरण
बैरसिया: श्याम साहू । मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत नगर पालिका बैरसिया के वार्ड क्रमांक-14 स्थित कृषि उपज मंडी परिसर में कल वृहद जनकल्याण शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में वार्ड क्रमांक-14 सहित बैरसिया नगर एवं आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों की समस्याओं और शासकीय योजनाओं से संबंधित प्रकरणों का एक ही स्थान पर त्वरित निराकरण किया जाएगा। इस दौरान नागरिकों एवं हितग्राहियों से संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों की भी जानकारी ली जाएगी।
कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए एसडीएम बैरसिया, मुख्य नगरपालिका अधिकारी, राजस्व अधिकारियों सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों को पूरी सक्रियता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से परीक्षण करते हुए पात्र नागरिकों के प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर ने अधिकारियों को शिविर से पूर्व वार्डों का भ्रमण कर नागरिकों की समस्याओं एवं लंबित प्रकरणों की विभागवार सूची तैयार करने के निर्देश भी दिए हैं। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई एवं लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत दर्ज शिकायतों के निराकरण के लिए सैचुरेशन मोड में कार्य करने को कहा, ताकि अधिक से अधिक नागरिकों को शिविर स्थल पर ही राहत मिल सके।
शिविर में सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई, लोक सेवा गारंटी एवं लंबित राजस्व प्रकरणों की समीक्षा के साथ आयुष्मान भारत कार्ड, समग्र ई-केवाईसी, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित शहरी एवं ग्रामीण विकास से जुड़ी विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की जाएगी।
कलेक्टर ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक पात्र हितग्राही तक शासन की योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।
