मध्य प्रदेश में सुगम बस सेवा के आगामी शुभारंभ और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के दौरे को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। कांग्रेस द्वारा इसे पुरानी योजनाओं का नया रूप बताने पर भाजपा आक्रामक हो गई है। भाजपा प्रवक्ता कल्पेश ठाकुर ने पलटवार करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा दशहरा मैदान से 7 शहरों के लिए 351 बसों को हरी झंडी दिखाई जाएगी, और 2030-31 तक प्रदेश में 15,000 नई बसें चलाई जाएंगी जिससे हर नागरिक को सुगम परिवहन का लाभ मिलेगा। ठाकुर ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्व में एक ही परिवार के नामों पर अनगिनत योजनाएं चलाई गईं, लेकिन जब सामान्य पृष्ठभूमि के नेताओं के नाम पर योजनाएं बनती हैं तो विपक्ष को आपत्ति होती है। विपक्ष को राजनीति से ऊपर उठकर जनहित के कार्यों का स्वागत करना चाहिए।
