सेंट मैरी कॉन्वेंट स्कूल, देवरी के विद्यार्थियों ने सेवा और मानवता का दिया प्रेरक संदेश

Spread the love

देवरीकला-:समाज के प्रति संवेदनशीलता, सेवा-भाव एवं मानवीय मूल्यों को सशक्त बनाने की दिशा में सेंट मैरी कॉन्वेंट स्कूल, देवरी के विद्यार्थियों ने आज सिलारी रोड स्थित बस्ती में जरूरतमंद परिवारों के बीच वस्त्र वितरण कर मानवता की एक प्रेरणादायक मिसाल प्रस्तुत की। विद्यार्थियों ने उत्साह, करुणा एवं समर्पण के साथ वस्त्र वितरित करते हुए समाज के प्रति अपने दायित्व का परिचय दिया।

इस सेवा कार्य के दौरान विद्यालय की शिक्षिकाएँ सोनू चौहान एवं अग्नेस जोसे विद्यार्थियों के साथ उपस्थित रहीं तथा कार्यक्रम का सफल संचालन किया। वहीं विद्यालय के अभिभावक प्रतिनिधि श्री बद्री कुर्मी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे और विद्यार्थियों के इस सामाजिक सेवा कार्य की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

विद्यालय की प्रबंधक सिस्टर रजनी सी.जे. एवं प्रधानाचार्या सिस्टर शेरोंन सी.जे. ने विद्यार्थियों की इस सराहनीय पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता प्राप्त करना ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में सेवा, करुणा, सहानुभूति एवं सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे मानवीय मूल्यों का विकास करना भी है। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी ऐसे समाजोपयोगी कार्यों में बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय प्रबंधन ने इस अवसर पर विद्यालय के सभी अभिभावकों के प्रति विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अभिभावकों ने अपने बच्चों के माध्यम से इस सेवा अभियान में अमूल्य सहयोग प्रदान किया है। उनके सहयोग, विश्वास एवं सामाजिक सरोकार के कारण ही यह पुनीत कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हो सका। विद्यालय प्रबंधन ने सभी अभिभावकों के इस प्रेरणादायक योगदान के लिए हृदय से धन्यवाद एवं कृतज्ञता ज्ञापित की।

यह सेवा अभियान विद्यार्थियों में सामाजिक चेतना, परोपकार एवं मानवीय मूल्यों के विकास की दिशा में विद्यालय द्वारा किए जा रहे सतत प्रयासों का सशक्त उदाहरण बना तथा उपस्थित सभी लोगों को समाज सेवा के लिए प्रेरित कर गया।

admin1

admin1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *