सागर जिले का अनूठा गांधी मंदिर, जहां वर्षों से महापुरुषों की प्रतिमाओं की सफाई और जयंती-पुण्यतिथि मनाने की जिम्मेदारी निभा रहे राजू दीक्षित
देवरीकलां-:राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की 122वीं जयंती पर शुक्रवार को देवरी में श्रद्धा और देशभक्ति का माहौल रहा। गांधी भक्त राजू दीक्षित के नेतृत्व में सुबह 6 बजे गांधी मंदिर से प्रभात फेरी निकाली गई। ‘रघुपति राघव राजा राम’ के भजनों के साथ निकली प्रभात फेरी नगरपालिका चौराहा, बजरिया स्थित विजय स्तंभ होते हुए बस स्टैंड पहुंची। यहां गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कांग्रेस नेता चंद्रशेखर दुबे सहित वरिष्ठ नागरिकों ने महापुरुषों को नमन कर उनके विचारों पर चलने का संकल्प लिया।
सागर जिले का अनूठा गांधी मंदिर
देवरी का गांधी मंदिर नगर की ऐतिहासिक पहचान है। इसे सागर जिले का एकमात्र गांधी मंदिर बताया जाता है। यहां गांधी भक्त राजू दीक्षित वर्षों से महापुरुषों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई, जयंती और पुण्यतिथि के आयोजन की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। गांधी जयंती, बाल दिवस, पर्यावरण दिवस, संत रविदास, डॉ. भीमराव अंबेडकर, सरदार पटेल और स्वामी विवेकानंद की जयंती सहित विभिन्न अवसरों पर वे पूरी निष्ठा से सक्रिय रहते हैं। उनकी सेवा भावना को देखते हुए नगरपालिका ने उन्हें स्वच्छता का ब्रांड एंबेसडर भी चुना है।
सफाईकर्मियों ने प्रतिमा स्थलों को संवारा
गांधी जयंती पर नगर के सफाईकर्मियों ने सुबह से ही सभी गांधी प्रतिमा स्थलों एवं अन्य महापुरुषों के स्मारकों पर विशेष सफाई की। परिसर की गंदगी हटाकर स्वच्छता का संदेश दिया गया। गांधी भक्त राजू दीक्षित की वर्षों से जारी सेवा और सफाईकर्मियों की पहल ने गांधीजी के स्वच्छता, सत्य, अहिंसा और सेवा के विचारों को याद कराया।
