घर में घुसे नकाबपोशों ने बुजुर्ग महिला को बंधक बनाया, दो किलो चांदी व नकदी लूटी
बदमाशों ने 75 वर्षीय महिला को धमकाकर जेवर और नकदी का पूछा
गुनगा थाना क्षेत्र स्थित ग्राम जुनापानी के दनवासी कस्बे में घर में अकेली 75 साल की महिला को दो सशस्त्र नकाबपोश बदमाशों ने बंधक बनाया और करीब दो किलो चांदी के जेवरात व 40 हजार रुपए नकदी लूटकर फरार हो गए।
घटना 16 अक्टूबर की रात की है। वारदात के समय परिजन पूजापाठ करने गए थे। पुलिस का अनुमान है कि दोनों बदमाश घात लगाए बैठे थे। परिजनों के घर लौटने पर बुजुर्ग महिला ने सारा घटनाक्रम बताया। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने घर में घुसकर लूटपाट करने का प्रकरण दर्ज किया है। फिलहाल आरोपियों का सुराग नहीं लग सका है। पुलिस की अलग-अलग टीमें बनाकर नकाबपोश बदमाशों की खोजबीन की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, ग्राम जुनापानी निवासी कला बाई पत्नी मनीराम (75) विगत 16 अक्टूबर की रात करीब साढ़े 8 बजे घर में अकेली थीं। वह अपने 15 और 20 साल के दो पोते-नातियों के साथ नवरात्र की पूजा करने घर से बाहर गई हुई थीं। घर का मेन गेट बंद था। इस बीच दो नकाबपोश बदमाश भीतर घुस गए और कलाबाई को बंधक बना लिया।
इसके बाद डरा-धमकाकर बदमाश बुजुर्ग महिला को अलग-अलग कमरों में ले गए और पूछा कि जेवरात और नकदी कहां रखी है। डर के मारे कलाबाई सबकुछ बताती रहीं। बदमाश अलमारी में रखे करीब दो किलो चांदी के जेवरात और 40 हजार रुपए नकद लूटकर फरार हो गए।
धारदार हथियारों से लैस थे बदमाश
पुलिस ने बताया कि दोनों अज्ञात नकाबपोश बदमाश धारदार हथियारों से लैस थे। हालांकि, उन लोगों ने बुजुर्ग महिला से किसी तरह की मारपीट नहीं की, लेकिन हथियारों के दम पर डरा-धमकाकर नकदी और जेवरात ले लिए। थाना प्रभारी ने लूटे गए मशरूका की कीमत करीब दो लाख रुपए बताई है।
पुलिस का कहना है कि महिला गांव के एक सुनसान स्थान पर कुएं के पास रहती हैं। महिला ने शोर मचाया, लेकिन आसपास कोई रहवासी नहीं होने के कारण किसी ने आवाज नहीं सुनी।
घटना को लेकर पुलिस को संदेह
पुलिस का कहना है कि कलाबाई के साथ उनके भाई के बेटे का बेटा और बहन के बेटे का बेटा साथ रहते हैं। सभी मेहनत-मजदूरी करने वाले लोग हैं। परिजनों के घर लौटने से पहले ही बदमाश वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए थे।
पुलिस शुरुआती जांच में यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दोनों बदमाश पैदल आए थे या कहीं अपना वाहन खड़ा करके आए थे।
